Breaking News

संतोख चाैधरी के निधन पर बेटे विक्रमजीत का बड़ा खुलासा, डॉक्टरों ने हमें कहा-किनारे हो जाओ…

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चाैधरी के निधन पर उनके सम्मान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को शनिवार को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। अब यात्रा रविवार को होगी। इसी बीच संतोख चाैधरी के बेटे विधायक विक्रमजीत चाैधरी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा कि एंबुलेंस में ले जाते वक्त पिता सांसद चौधरी पंप करने पर सांस ले रहे थे, तभी वहां मौजूद डॉक्टरों ने हमें कहा कि किनारे हो जाओ, वी नो हाऊ टू डू इट। उनके पास इमरजेंसी शॉक का भी कोई सामान नहीं था। डॉक्टर बड़ी हड़बड़ाहट में थे। विक्रमजीत ने कहा कि मुझे पिता के बारे में तब पता चला, जब मुझे पीछे से विजयइंदर सिंगला ने आवाज मारी कि अंकल गिर गए।

उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के लोकसभा सदस्य संतोख सिंह चौधरी के निधन पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

खडगे ने अपने शोक संदेश में कहा “हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ है। भगवान उसकी आत्मा को शांति दे।”

श्रीमती वाड्रा ने कहा “जालंधर के सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। श्री संतोख सिंह जी कांग्रेस विचारधारा के लिए समर्पित नेता व सच्चे जनसेवक थे। उनके निधन से कांग्रेस को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवदेनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें।”