Breaking News

शिमला में भूस्खलन से तबाही, सड़क किनारे सोए 3 बच्चे मलबे में दबे

राजधानी के उपनगर ढली में पेट्रोल पम्प के नजदीक बुधवार तड़के हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को आईजीएमसी में भर्ती किया गया है।

मृतक की पहचान करीना (14) पुत्री सतपाल के रूप में हुई है। घायलों में आशा (16) वर्ष व कुलविंदर (24) शामिल हैं। ये सभी एक परिवार से सम्बंध रखते हैं और हरियाणा के जीरकपुर के रहने वाले हैं। भूस्खलन की जद में आने से एक गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त परिवार ने आयुर्वेदिक दवा बेचने का काम करता है और इन्होंने ढली में सड़क किनारे एक टैंट लगाया हुआ था। परिवार के सदस्य इसी टैंट में रह रहे थे। सुबह 5 से 6 बजे के बीच पहाड़ी से मलबा गिरने से टैंट तबाह हो गए और परिवार के 3 सदस्य कीचड़ में दब गए। इनमें एक की मौत हो गई और दो बच गए, जिनका आईजीएमसी में उपचार चल रहा है।

बता दें कि शिमला सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीती रात से तेज़ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।