Breaking News

रविंद्र जडेजा ने रॉकेट थ्रो और हैरतअंगेज कैच से मचाया धमाल

भारतीय क्रिकेट टीम और चेन्नई सुपरकिंग्स के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को दुनिया के बेहतरीन फील्डर्स में शुमार किया जाता है। बुलेट की रफ्तार से थ्रो और मुश्किल से मुश्किल कैच को आसान बनाने के लिए जडेजा जाने जाते हैं। इसका नमूना उन्होंने एक बार फिर दिखाया। पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2021 के आठवें मैच में उन्होंने विपक्षी कप्तान को डायरेक्ट थ्रो पर रनआउट कर दिया। इसके बाद दो मुश्किल कैच भी लपके। जडेजा ने सबसे पहले केएल राहुल को रनआउट कर दिया। पहले ओवर में दीपक चाहर ने मयंक अग्रवाल (0) को क्लीन बोल्ड कर दिया था। इसके बाद क्रिस गेल क्रीज पर उतरे थे।

वे गेंद को सामने की ओर खेलकर सिंगल लेने के लिए भागे। राहुल को लगा कि जडेजा गेंद तक नहीं पहुंच पाएंगे, लेकिन सुपरकिंग्स के इस फील्डर ने गेंद को पकड़ा और सीधे स्टंप की फेंक दिया। गेंद रॉकेट की तरह विकेटों से जा लगी और राहुल इंच भर दूरी से रनआउट हो गए। वे 7 रन ही बना सके। जडेजा ने इसके बाद कैच में अपना जलवा दिखाया। उन्होंने पारी के पांचवें ओवर में क्रिस गेल का शानदार कैच लिया। गेल ने दीपक चाहर की गेंद को पॉइंट को ओर खेला। जडेजा ने डाइव लगाते हुए उसे लपक लिया। इसे देखकर हर कोई दंग रह गया। इसके बाद जडेजा ने आखिरी ओवर में सैम करन की गेंद पर शाहरुख खान का कैच लिया। जडेजा आईपीएल में सबसे ज्यादा 22 रन आउट करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (21 रन आउट) को पीछे छोड़ दिया। चेन्नई ने पंजाब को 6 विकेट से हरा दिया। इस सीजन में उसकी ये पहली जीत है। उसे पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पंजाब की ये पहली हार है। उसने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स को हराया था। पंजाब ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 106 रन बनाए। चेन्नई ने 15.4 ओवर में 4 विकेट पर 107 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पंजाब के खिलाफ चेन्नई की ये लगातार तीसरी जीत है। उसने पिछले सीजन के दोनों मैच में केएल राहुल की टीम को हराया था।