Breaking News

यूक्रेन में रूसी मिसाइलों की बौछार

रूस ने गुरुवार को एक बार फिर यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों पर मिसाइलों की बौछार की। साथ ही यूक्रेन के पूर्वी भाग में भी तेज हमले किए। पिछले सप्ताह खेरसान शहर छोड़ने के बाद रूसी सेना के ये सबसे बड़े हमले थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के सभी अत्याचारों के लिए उसे दंडित किया जाएगा। ताजा मिसाइल हमलों में राजधानी कीव, दूसरे बड़े शहर खार्कीव, बंदरगाह शहर ओडेसा, मध्य यूक्रेन के शहर डेनिप्रो और जपोरीजिया को निशाना बनाया गया।

यह हमला तब हुआ जब यूक्रेन के इंजीनियर पूर्व के हमलों से हुए नुकसान की भरपाई करते हुए बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटे हुए थे। हमले में डेनिप्रो में 15 लोग घायल हुए जबकि खार्कीव में तीन और ओडेसा में एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है।