Breaking News

युद्ध ब्रेकिंग: यूक्रेन में लाशें बिछना कब होंगी बंद! अब जंगल में दिखा ऐसा नजारा

कभी चीड़ के पेड़ों की सुंदरता और पक्षियों के चहचहाने के लिए पहचाने जाने वाले यूक्रेन के एक जंगल से अब लाशों के ढेर मिल रहे हैं। राजधानी कीव के बाहरी इलाके में बुका शहर के समीप जंगल से एक और सामूहिक कब्र मिली है। कई मृतकों के हाथ उनकी कमर के पीछे बंधे मिले हैं। इन कब्रों को खोदने का काम ऐसे वक्त में हो रहा है जब यूक्रेन के पुलिस प्रमुख ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अधिकारियों ने 24 फरवरी को रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से 12,000 से अधिक लोगों की हत्याओं की आपराधिक जांच शुरू की है।

सफेद रंग के चिकित्सीय कपड़े पहने और मास्क लगाए कामगारों ने फावड़े की मदद से वन की मिट्टी से शवों को निकालना शुरू किया। कपड़े और धूल से ढके शवों पर मक्खियां भिनभिनाने लगीं। कीव क्षेत्रीय पुलिस के प्रमुख एंड्री नेबीतोव ने घटनास्थल पर कहा, “घुटनों पर गोलियों के निशान हमें बताते हैं कि लोगों को कितना प्रताड़ित किया गया। टेप से पीठ पर बांधे गए हाथ बताते हैं कि लोगों को लंबे वक्त तक बंधक बनाकर रखा गया और शत्रु सेना ने उनसे कोई भी सूचना निकालने का प्रयास किया।”

क्षेत्र से मार्च के अंत तक रूसी सैनिकों की वापसी के बाद से अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने वन में व अन्य जगहों से सामूहिक कब्रों में 1,316 लोगों के शव बरामद किए हैं। बुका में सामूहिक कब्रें मिलने के बाद दुनियाभर में तीखी प्रतिक्रिया देखी गई थी। वहीं, रूस के कब्जे वाले दक्षिणी यूक्रेन क्षेत्र में अधिकारियों ने शहर के उन निवासियों को रूसी पासपोर्ट जारी करना शुरू कर दिया, जिन्होंने उसके लिए अनुरोध किया था। रूस देश के कब्जे वाले हिस्सों पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। एक वीडियो में रूस समर्थित अधिकारी नए रूसी नागरिकों को बधाई देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से कहा कि रूस कहीं नहीं जाएगा। हम यहां बेहतरी के लिए हैं।