Breaking News

मेक इंडिया नंबर वन; अरविंद केजरीवाल ने किया नए मिशन का ऐलान, बताया क्या है प्लान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ‘मेक इंडिया नंबर वन’ मिशन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक भारत को दुनिया में नंबर वन बनाना चाहता है और इस सपने को सचन करने के लिए इस मिशन की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने देश के 130 करोड़ लोगों को जोड़ने की बात कहते हुए कहा कि अच्छी और मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, हर युवा को नौकरी, महिलाओं को सम्मान और किसानों की खुशहाली के लिए काम करना होगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”यह सपने के पूरा होने की शुरुआत। हर भारतीय चाहता है कि भारत दुनिया का नंबर एक देश बने। भारत की गिनती दुनिया के अमीर देश में हो। भारत शक्तिशाली राष्ट्र बने। भारत एक महान देश है। हमारी सभ्यता बहुत पुरानी है, कई हजार साल पुरानी है। एक समय ऐसा था जब भारत का डंका पूरी दुनिया में बजता था। हमें दोबारा भारत को महान बनाना है। हम मिशन की शुरुआत करने जा रहे हैं, मेक इंडिया नंबर वन। 130 करोड़ लोगों को इसके साथ जोड़ना है। देश के हर नागरिक का मिशन रहा है कि दुनिया में भारत को नंबर वन बनाना है।”

‘हम पीछे क्यों रह गए, लोगों में गुस्सा’
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजादी को 75 साल हो गए, इस दौरान हमने बहुत कुछ पाया, बहुत हासिल किया। लेकिन लोगों में एक गुस्सा है, प्रश्न है कि इन 75 सालों के अंदर कई ऐसे देश हैं जो हमारे बाद आजाद हुए और हमसे आगे निकल गए। सिंगापुर हमसे 15 साल बाद आजाद हुआ, आज हमसे आगे निकल गया। क्यों भाई हमारे अंदर क्या कमी है। हर नागरिक गुस्से में हैं, हम किसी से कम हैं क्या। भारत के लोग दुनिया के सबसे इंटेलिजेंट और मेहनती हैं, दुनिया में बेस्ट हैं। फिर भी हम पीछे रह गए। अगर इनके (कांग्रेस-बीजेपी) भरोसे छोड़ दिया तो अगले 75 साल और पीछे रह जाएंगे। इनमें से किसी को अपना परिवार प्यारा है किसी को दोस्त प्यारा है। किसी को भ्रष्टाचार करना है किसी को देश लूटना है। उन्होंने अपना घर भरने और दोस्तों का घर भरने के अलावा कुछ नहीं किया।

‘130 करोड़ लोगों को साथ करना होगा काम’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”कई लोग मुझसे पूछते हैं कि कैन इंडिया लीड द वर्ल्ड, वाई नॉट। क्यों नहीं भारत लीड नहीं कर सकता है। किस चीज की कमी है। लेकिन एक ही शर्त है देश के 130 करोड़ लोगों को साथ आना होगा। देश के 130 करोड़ लोगों को साथ आना होगा। आदमी, औरत, अमीर, गरीब, धर्म, जाति सभी को एक साथ आना होगा और बागडोर संभालनी होगी। 75 साल पहले जब सारा देश इकट्ठा हुआ था हमने अंग्रेजों को भगा दिया था। आज यदि 130 करोड़ लोग इकट्ठे हो गए तो भारत को नंबर एक देश बनाने से कोई नहीं रोक सकता। एक शर्त है 130 करोड़ लोगों का हमारा परिवार है, यह एक टीम है। हम सभी को एक परिवार की तरह सोचना है।”