Breaking News

मुरादाबाद : शादी में डांस देखना पड़ा महंगा, हर्ष फायरिंग में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत

मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से घायल हुई महिला की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी को एक दिन पहले ही जेल भेजा जा चुका.

पुलिस के मुताबिक, मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर निवासी सोमपाल के बेटे रोविन की लगन आई थी। गुरुवार रात लाकड़ी फाजलपुर में लगन समारोह चल रहा था। गुरुवार रात करीब बारह बजे डीजे बजाया जा रहा था। इस दौरान मेहमान और आस पड़ोस के लोग व महिलाएं डीजे पर डांस देख रही थीं। अन्य महिलाओं के साथ ही रामगोपाल की पत्नी 55 वर्षीय रुमालो देवी भी वहां खड़ी डांस देख रही थी। इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी थी। गोली महिला रुमालो के पेट में लग गई थी। जिससे वह घायल होकर डीजे के फ्लोर पर ही गिर गई । घायल महिला को साईं अस्पताल में अस्पताल भर्ती कराया गया था।

एएसपी सागर जैन ने बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे शुक्रवार को जेल भेज दिया गया था। अब केस में अन्य धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।