Breaking News

बिहार में घमासानः सीट बंटवारे से पहले भाजपा को झटका, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लोजपा में शामिल

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। सीट बंटवारे से पहले राजग में भी घमासान मचा हुआ है। इसी बीच खबर आई है कि बिहार BJP के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) में शामिल हो गए हैं।

चिराग पासवान ने राजेंद्र सिंह को एलजेपी की सदस्यता दिलाई। माना जा रहा है कि राजेंद्र सिंह अब दिनारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। एलजेपी में शामिल होने के बाद राजेंद्र सिंह ने कहा कि दिनारा सीट की जनता के दबाव में मैं इस क्षेत्र से चुनाव लड़ने जा रहा हूं, लोगों के बेशुमार प्यार को दरकिनार नहीं कर सकता हूं, मैंने हर हाल में इस क्षेत्र से चुनाव लड़ने का मन बना लिया है, इस बारे में एलजेपी से बात भी हो गई है, गौरतलब है कि दिनारा सीट जेडीयू के खाते में गई है, यहां से नीतीश कुमार ने मंत्री जय कुमार सिंह को टिकट दिया है।’

उधर, बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘मोदी से बैर नहीं, नीतीश तेरी खैर नहीं, का राग अलाप रही लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के खिलाफ कड़ा रुख इख्तियार करते हुए आज स्पष्ट किया कि प्रदेश में उनकी पार्टी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ रही है और कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं करने वालों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में कोई जगह नहीं है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय जयसवाल ने आज जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा बिहार में मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं रखने वालों के लिए राजग में कोई जगह नहीं है।