Breaking News

बाढ़ की चपेट में आधा भारत, अगले तीन दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिसों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। भारी बारिश और बाढ़ से आधा भारत बेहाल है। बिहार, यूपी, गुजरात, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में नदियां उफान पर हैं। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन से कई रास्ते बंद हो गए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर भारत में अगले तीन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, गुजरात और गोवा के दूर-दराज के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।

बिहार में गंगा नदी के कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बहने और बाढ़ के कारण राज्य में 83.62 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति में गुरुवार को कुछ सुधार देखने को मिला। प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या 19 से घटकर 17 रह गई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को बादल छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं शाम तक दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश भी हुई। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार सुबह थोड़ा बढ़ा और नदी अब खतरे के निशान के करीब बह रही है।

ओडिशा में बाढ़ ने कोहराम मचा दिया है। यहां गनगुटी नदी उफान पर है। नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। इलाके में लगातार बारिश हो रही है, भद्रक जिले में हालात सबसे खराब हैं। भुवनेश्वर और जाजपुर में भी हालात ठीक नहीं है। NDRF और स्टेट रिलीफ टीमों ने अब तक इन जिलों से 7 हजार लोगों को निकाला है।