Breaking News

पहली बार रामबिलास पासवान की गैरमाैजूगी में LJP का घोषणा पत्र जारी, चिराग हुए भावुक

अपनी दहलीज पर दस्तक दे चुके बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोकजन शक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पहली मर्तबा अपने पिता रामविलास पासवान की गैर-मौजूदगी में पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने एक तरफ जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया तो वहीं दूसरी तरफ अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए बिहार की जनता जनार्दन से सुनहरे वादे भी किए। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की जनता को विश्वास दिलाया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आने कामयाब रहती है, तो इन सभी वादे को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा। इस बीच उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला।

चिराग ने किए ऐसे सुनहरे वादे 
अपने घोषणापत्र में चिराग पासवान ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आने में सफल रहती है, तो सर्वप्रथम प्रदेश में श्रम मंत्रालय का गठन किया जाएगा, ताकि विभिन्न प्रदेशों में कार्यरत रहे मजदूरों की निगरानी की जा सके। प्रदेश में शिक्षा की उन्नति की दिशा के लिए अनेकों काम किए जाएंगे। प्रदेश में बड़े पैमाने पर मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का वादा किया गया है, ताकि बिहार के युवा को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए दूसरे राज्यों का रूख न करना पड़े। बिहार में लचर हो रही स्वास्थ्य सेवाओं के मद्देनजर घोषणापत्र में अस्पतालों के निर्माणों की घोषणा की गई है। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल सके। इस दिशा में कार्य किया जाएगा। बिहार में निवेशकों को निवेश के लिए उत्साहित किया जाएगा। घोषणापत्र में नदियों को जोड़ने की दिशा में काम करने पर विचार किया जा रहा है। प्रदेश में धार्मिक पर्यटकों को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दिशा में काम किया जाएगा। इसके साथ ही चिराग पासवान ने अपने घोषणापत्र में बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट का नारा दिया है। चिराग ने अपने घोषणापत्र में कहा कि नदियों को जोड़ने पर काम किया जाएगा।

नीतीश पर जमकर बरसे चिराग 
इस दौरान चिराग पासवान नीतीश कुमार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अपनी कोई उपलब्धि नहीं है। वे महज केंद्र सरकार की उपलब्धियों को अपना बताकर जनता को रिझाने का काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि  इस बार बिहार चुनाव में लोजपा राजग से अलग होकर अकेले ही चुनाव लड़ने जा रही है, जिसको मद्देनजर रखते हुए बीजेपी पहले ही साफ कर चुकी है कि लोजपा चुनाव में मोदी के नाम का सहारा लेकर जनता को रिझाने का काम न करें। वहीं, चिराग का साफ कहना है कि उनकी लड़ाई नरेंद्र मोदी या फिर बीजेपी से नहीं बल्कि उनकी लड़ाई नीतीश कुमार से है, जिन्होंने प्रदेश की जनता को ठगा है।