Breaking News

दूसरे दिन भी जारी है आयकर विभाग की छापामारी, अनुराग कश्यप और तापसी पन्नू के घर से लैपटॉप और फोन जब्त

तापसी पन्नू और अनुराग कश्यप के घर पर आयकर विभाग की छापामारी दूसरे दिन भी जारी है। साथ ही विकास बहल, विक्रमादित्य मोटवाने, मधु मंटेना के ठिकानों पर भी कार्रवाई जारी है। सूत्रों के अनुसार, यह छापामारी अगले तीन दिन तक चल सकती है।

आयकर विभाग की टीम ने देर रात तक अनुराग कश्यप और तापसी पन्नू से पूछताछ की और उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए। उनके लैपटॉप और फोन को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। पुणे में अनुराग और तापसी से पूछताछ हो रही है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

आयकर विभाग ने चार कंपनियों फैंटम फिल्म, क्वान, एक्सीड और रिलायंस एंटरटेनमेंट के यहां भी छापामारी की है। निर्माता मधु मंटेना की मुंबई स्थित क्वीनबीच बिल्डिंग में अधिकारियों ने छापा मारा। इसके अलावा उनकी कंपनी क्वान के चार अकाउंट्स को फ्रीज कर दिया गया है।

आयकर विभाग ने बुधवार को मुंबई और पुणे में करीब 30 से ज्यादा जगहों पर खोजबीन की। कर चोरी के आरोपों की जांच और अधिक सबूत इकट्ठा करने के लिए आयकर विभाग इन सितारों के घर छापे मार रहा है। वहीं कहा जा रहा है कि कुछ आंतरिक लेन देन का मामला भी आयकर विभाग की नजर में है।

राहुल गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कुछ मुहावरों का उदाहरण देकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उनके इस ट्वीट को फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप और अभिनेत्री तापसी पन्नू के यहां हुई आयकर विभाग की छापेमारी से जोड़कर देखा जा रहा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘कुछ मुहावरे: अंगुलियों पर नचाना- केंद्र सरकार आईटी विभाग, ईडी-सीबीआई के साथ ये करती है। भीगी बिल्ली बनना- केंद्र सरकार के सामने मित्र मीडिया। खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे- जैसे केंद्र सरकार किसान-समर्थकों पर रेड कराती है।’