Breaking News

दिल्ली के चुनावी मैदान में उतरे BJP के फायर ब्रांड नेता, शाह और योगी आज करेंगे रैली

दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच आज सियासी पारा और हाई रहने वाला है। भाजपा (BJP) के दो दिग्गज फायर ब्रांड नेता आज राजधानी में चुनावी सभाएं (Election Rally) करने जा रहे हैं। दो दिन पहले खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने भी यहां एक बड़ी रैली कर सियासी समर को और भयंकर बना दिया था।

इस क्रम में अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी सोमवार को दिल्ली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी यह जनसभा संगम विहार में होगी। वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वी दिल्ली में जनसभा करेंगे। जेपी नड्डा भी नई दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में रोड शो करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी 22 मई को पश्चिमी दिल्ली में जनसभा को संबोधित करेंगे।

बता दें कि, उत्तरी पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर रविवार को दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कांग्रेस से भाजपा में आए अरविंदर सिंह लवली और राजकुमार चौहान ने एक जनसभा को संबोधित किया। सचदेवा ने कहा कि भाजपा हर सीट पर प्रचार कर रही है। रविवार को मेगा चुनाव प्रचार अभियान चलाया गया है।

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि जिस पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ तमाम आंदोलन किए और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए आज उसी पार्टी के साथ कांग्रेस ने गठबंधन किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने कन्हैया कुमार को टिकट दिए जाने पर भी सवाल उठाए।

दिल्ली में 25 मई को एक चरण में होंगे लोकसभा चुनाव
दिल्ली की सात लोकसभा सीट के लिए 25 मई को वोट डाले जाएंगे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इस बार इंडिया गठबंधन के बैनर तले मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। ‘आप’ और कांग्रेस के बीच 4:3 के हिसाब से सीटों का बंटवारा हुआ है। ‘आप’ ने पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस ने राजधानी की तीन सीटों चांदनी चौक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन की मुख्य प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सातों सीटों पर चुनाव लड़ रही है।