Breaking News

जालंधर पहुंचे अरविंद केजरीवाल, बोले-कोई नहीं चाहता पंजाब में आतंकवाद वापस आए, हम सूबे की एकता के लिए करेंगे काम

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को जालंधर पहुंचे। उनकी अगुवाई में आज यहां तिरंगा यात्रा आयोजित हुई। उपस्थित वर्करों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब शहीदों की धरती है और शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए ही यह तिरंगा यात्रा पंजाब में निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा को पंजाब को एकता, अखंडता और भाईचारे का सूचक बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब ने आतंकवाद का काला दौर देखा है। अब कोई नहीं चाहता है कि वे दिन वापस आएं, इसलिए सब एक साथ पंजाब की एकता, अखंडता एवं खुशहाली के लिए कार्य करेंगे।

यात्रा के दौरान मेरा रंग दे बसंती चोला… गीत चलाया गया है। मिनी ट्रक पर बने मंच पर जालंधर आप अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोढ़ी, पार्टी के पंजाब सह-प्रभारी राघव चड्ढा, जरनैल सिंह, बलकार सिंह मौजूद हैं। आप पंजाब संयोजक भगवंत मान भी केजरीवाल के साथ मौजूद हैं। आज की यात्रा के दाैरान पूरे पंजाब से वर्कर आए हैं। वर्कर बसों, आटो, गाड़ियों में सवार होकर आए हैं।

केजरीवाल ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा पंजाब के अमन, शान्ति और भविष्य के लिए निकाली जा रही है। अरविंद केजरीवाल की तिरंगा यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां बड़ी संख्या में लोग जुटने पहुंचे हैं।

जालंधर से पहले अमृतसर पहुंचे आप सुप्रीमो के अमृतसर लैंड होने से पहले हरपाल चीमा ने सिद्धू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के पंजाब में आते ही सिद्धू की टांगें कांपने लगती हैं। नवजोत सिंह सिद्धू की अपनी टांगों में जान नहीं है। उन्हें ड्रामे बंद कर देने चाहिएं। उनके प्रधान बनने के बाद न तो नशा तस्करों पर कोई कार्रवाई हुई है और न ही बेअदबी मामले में किसी को सजा मिली है। रेत माफिया तो रोज उनके साथ बैठकें करता है।