Breaking News

जापान में भूकंप से चार लोगों की मौत, 97 घायल

जापान (Japan) में देर रात भूकंप (Earthquake) के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। जोरदार भूकंप के कारण चार लोगों की मौत हो गई है। जबकि 90 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई है। भूकंप उत्तरी जापान के फुकुशिमा तट पर आया था। भूकंप का केंद्र समुद्र से 60 किमी नीचे था।

लाखों घरों में बिजली गुल

भूकंप के कारण लगभग 20 लाख घरों की बिजली गुल हो गई है। शहर में अंधेरा था गया है। कई घरों में नुकसान की भी खबरें हैं।

भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने गुरुवार सुबह एक संसदीय सत्र में कहा कि भूकंप के दौरान चार लोगों की मौत हो गई और उनकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप से 97 लोग घायल भी हुए हैं। इससे पहले क्योडो न्यूज ने बताया था कि सोमा शहर में एक व्यक्ति की अपने घर की दूसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई जबकि 70 वर्षीय बुजुर्ग की हार्ट अटैक के कारण जान चली गई।

सुनामी की चेतावनी वापस

वहीं, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने गुरुवार तड़के फुकुशिमा और मियागी प्रान्त के तटों पर सुनामी के लिए जारी कम जोखिम वाली चेतावनी को वापस ले लिया।

कई इमारतों को नुकसान

भूकंप के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कई घरों की टूटी दीवारें जमीन पर गिरी दिखाई दी। फुकुशिमा शहर में खिड़कियों के टुकड़े दिखाई दे रहे हैं। कई सड़कें भी टूट गई हैं।

22 जनवरी को भी आया था भूकंप

इससे पहले 22 जनवरी को भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे। 22 जनवरी को आए भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई थी। इस भूकंप में 10 लोग घायल हुए थे। दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी जापान में आए भूकंप का केंद्र 40 किलोमीटर (24.8 मील) की गहराई पर था।