Breaking News

जयमाल से पहले लड़खड़ाने लगा शराबी दूल्हा, दुल्हन ने ऐसे सिखाया सबक तो बाराती बने बंधक

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में नशेड़ी दूल्हे को शराब पीना बहुत महंगा पड़ गया। शराब के नशे में लड़खड़ाते दूल्हा को देखकर दुल्हन ने जयमाल तोड़ कर शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन के इनकार करते ही हंगामा शुरू हो गया। दुल्हन के इनकार के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ तो बारातियों को बंधक बना दिया गया। दूल्हे पक्ष को बंधक बनाने की सूचना थाना क्वार्सी पुलिस को दी गई। दूल्हे और बारात को बंधक बनाए जाने की जानकारी पर पुलिसकर्मी शादी समारोह के मंडप में पहुंचे। बारातियों और वधु पक्ष के लोगों में समझौता कराया गया। हालांकि 6 लाख 10 हजार रुपयों में दुल्हन और दूल्हे पक्ष में समझौता हो गया। जब दुल्हन पक्ष द्वारा दिये गये सामान और पैसा वापस मिला तब बंधक बाराती मुक्त हुए। शादी में बीयर पीने वाला शराबी दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर लौट गया।

 

शराबी दूल्हा और शादी से इनकार करने वाली दुल्हन का मामला क्वार्सी इलाके के केशव वाटिका का है। योगेंद्र सिंह की बेटी चांदनी की शादी जिला रामपुर के मिलकराजपुर निवासी रमेश बाबू के बेटे रूपेंद्र कुमार के साथ तय हुई थी। गुरुवार रात मुरादाबाद से बारात आई थी और सभी शादी समारोह में नाच-गा रहे थे। खुशी से शादी की सभी रस्में पूरी हो रही थीं। जयमाल के समय दूल्हे ने शराब पी ली और लड़खड़ाने लगा। यह देख दुल्हन काफी गुस्से में आ गयी। दुल्हन ने जयमाल तोड़ कर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वर पक्ष और वधू पक्ष में भिड़ंत हो गई और बारातियों को बंधक बना लिया गया।

थोड़ी सी जो पी ली

दूल्हे रूपेंद्र का कहना है कि उसने थोड़ी सी शराब (बीयर) पी लिया था। कार की मांग का आरोप गलत है। उन्होंने बताया कि उसे यह पता नहीं था कि जयमाला के बाद फूलों की माला उतारना शुभ नहीं माना जाता है। जिसके बाद शादी समारोह में खलल पड़ गया। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। दूल्हे पक्ष का आरोप है कि हंगामे के बाद बारात को गेस्ट हाउस में रातभर बंधक बनाए रखा गया। जब बाराती घर से समझौते के बाद पैसा दिये तब मुक्त हुए।

दोनों पक्षों में हुआ समझौता

सीओ तृतीय श्वेताभ पांडे ने बताया है कि शादी समारोह में बारात बंधक बनाने की सूचना मिली थी। पुलिस के आने के बाद दोनों पक्षों में बैठकर बातचीत शुरू हुई। लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि वह शराबी लड़के के साथ अपनी बेटी को विदा नहीं करेंगे। उन्हें अपना दिया हुआ सारा सामान वापस चाहिए। समझौते के बाद यह तय हुआ कि 6 लाख रुपए उन्हें लौटाया जाये। दुल्हा पक्ष का एक व्यक्ति रुपए लेने के लिए मुरादाबाद रवाना हो गया। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद पुलिस ने बारातियों को भी रवाना कराया।