Breaking News

जब आतंकी हमले से दहल उठी थी मुंबई, जानिए 26/11 हमले की पूरी कहानी

मुंबई हमले को आज 13 साल बीत चुके हैं, लेकिन इस हमले की खौफनाक तस्वीर आज भी भारतीय के दिलो दिमाग में ताजा है। 26 नवंबर 2008 को हुआ आतंकी हमला एक ऐसी पहचान है जिसे मुंबई कभी अपने नाम नहीं करना चाहता था। ये हमला पाकिस्तान मे बैठे आतंकियों के इशारे पर हुआ था। पाकिस्तान से समुद्र के जरिए एक बोट में बैठकर आए लश्कर-ए-तैयबा के हाई ट्रेंड और भारी हथियारों से लैस दस आतंकियों ने मुंबई की कई प्रतिष्ठत जगहों को निशाना बनाकर दर्जनों लोगों को मौत के घाट उतार डाला। आंतकियों ने रेलवे स्टेशन, रेस्टोरेंट, कामा अस्ताल, ताज होटल और नरीमन हाउस को अपना निशाना बनाया। आतंकियों को मार गिराने में भारतीय सुरक्षा बलों को चार दिन लगे थे।

26 नवंबर 2008 की रात रात को एकाएक मुंबई गोलियों की आवाज से दहल उठी थी। शुरू में किसी को अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा हमला हुआ है, लेकिन धीरे-धीरे इस हमले का अनुमान होना शुरू हुआ। जैसे जैसे दूसरी जगहों से गोलीबारी की खबरें आना शुरू हुई पुलिस समेत सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। 26 नवंबर की रात को ही ATS प्रमुख हेमंत करकरे समेत मुंबई पुलिस के कई बड़े अधिकारी भी आतंकियों से लोहा लेते शहीद हो गए।

लियोपोल्ड कैफे और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से शुरू हुआ मौत का ये तांडव ताज होटल में जाकर खत्म हुआ, लेकिन सुरक्षाकर्मियों को आंतकियों को मार गिराने में 60 से भी ज्यादा घंटे लग गए। 160 से अधिक लोग और 10 से अधिक सुरक्षा कर्मी शहीद हो गए।

मुंबई पुलिस और जांच अधिकारियों की मानें तो हमलावर दो-दो के ग्रुप में बंटे थे। पहले लियोपोल्ड कैफे में पहुंचे दो हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। विदेशी पर्यटकों के बीच यह कैफे काफी लोकप्रिय है। इससे पहले की कैफे में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, हमलावरों ने जमकर गोलियां चलाई और वहा से भाग निकले। यहां हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई थी।

आतंक का सबसे खौफनाक मंजर देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में रेल यात्री मौजूद थे। अचानक से आतंकी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दी। यहां हुई गोलीबारी में जिंदा पकड़ा गया आतंकी अजमल कसाब भी शामिल था। यहां सबसे ज्यादा 58 लोग मारे गए थे।

इसके बाद दो आतंकी ओबेरॉय होटल में भारी गोला बारूद लेकर अंदर घुसे। होटल में 350 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आतंकियों ने सभी को बंधक बना लिया, लेकिन NSG के जवानों ने दोनों आतंकियों को मार गिराया। ताजमहल होटल के गुंबद में लगी आग आज भी लोगों के दिलों दिमाग पर छाई हुई है. गोलीबारी और धमाकों के बीच मुंबई की आन-बान-शान ताजमहल होटल की आग लोग शायद ही भूल पाएं.

ये इमारत 105 साल पुरानी है। गेटवे ऑफ़ इंडिया के पास स्थित ताज होटल विदेशी पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है. यहां से समुद्र का नजारा भी दिखाई देता है। होटल पर जब हमला हुआ तो वहां रात के खाने का समय था और बहुत सारे लोग वहां जमा थे कि तभी अचानक अंधाधुंध गोलियां चलने लगीं। इस गोलीबारी में 31 लोग मारे गए और चार हमलावरों को सुरक्षाकर्मियों ने मार दिया था।

इसके अलावा चार आतंकियों ने पुलिस वैन को अगवा किया और कामा चैरिटेबल अस्पताल में घुस गए। कामा अस्पताल के बाहर आतंकियों से हुए एनकाउंटर में आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे, मुंबई पुलिस के अशोक कामटे और विजय सालसकर शहीद हो गए। इसके अलावा हमलावरों ने नरीमन हाउस को भी निशाना बनाया। नरीमन हाउस में भी हमलावरों ने कई लोगों को बंधक बनाया था। जिस इमारत में हमलावर घुसे थे वह यहूदियों की मदद करने के लिए बनाया गया एक सेंटर था, जहाँ यहूदी पर्यटक भी अक्सर ठहरते थे।

इस सेंटर में यहूदी धर्मग्रंथों की बड़ी लाइब्रेरी और उपासनागृह भी है। यहां एनएसजी कमांडो को कार्रवाई करने के लिए हेलिकॉप्टर से बगल वाली इमारत में उतरना पड़ा। यहां दो आतंकी और सात लोग मारे गए थे। आज भले ही इस हमले को 13 साल हो गए हों जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को फांसी पर भी लटका दिया गया हो, लेकिन इस हादसे को देश आज भी नहीं भूला है। पीएम मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर संसद भवन में विशिष्ट सभा को संबोधित करते हुए इस हमले में मारे गए लोगों और शहीद जवानों को नमन किया।