Breaking News

कोविड को मात देने के बाद मिल्खा सिंह की हालत फिर बिगड़ी, ऑक्सीजन लेवल गिरा- PGIMER अस्पताल के ICU में भर्ती

कोरोना वायरस को मात देने के चार दिन बाद एक बार फिर महान धावक मिल्खा सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मिल्खा सिंह का ऑक्सीजन लेवल गिरा है और उन्हें चंडीगढ़ के PGIMER अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिल्खा के बेटे और गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने इस खबर की पुष्टि की है। बता दें मिल्खा सिंह मोहाली के अस्पताल में 6 दिन भर्ती रहे थे। इसके बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ था और वो उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन गुरुवार को एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ी है।

 

जानकारी के मुताबिक जीव मिल्खा सिंह ने अपने पिता के आईसीयू में होने की बात कही है। जीव मिल्खा सिंह ने कहा कि हां मेरे पिता PGIMER अस्पताल में आज भर्ती हुए हैं।

मिल्खा सिंह 19 मई को कोरोना वायरस की चपेट में आए थे, जिसके बाद उन्हें 24 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मिल्खा सिंह की ऑक्सीजन में गिरावट आई थी और उनके शरीर में पानी की कमी हो गई थी। मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर भी कोरोना की चपेट में हैं और वो भी अस्पताल में भर्ती हैं। मिल्खा सिंह की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

 

फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह भारतीय खेल इतिहास के सबसे महान ट्रैक एंड फील्ड एथलीट हैं। मिल्खा सिंह इकलौते एथलीट हैं जिन्होंने एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ की 400 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीता है। मिल्खा ने 1958 और 1962 में हुए एशियन गेम्स में गोल्ड हासिल किया। मिल्खा ने 1956, 1960 और 1964 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। खेल में योगदान के लिए मिल्खा सिंह को पद्मश्री अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।