Breaking News

इटावा में एसपी सिटी को मारा थप्पड़, पुलिस ने उपद्रवियों पर की सख्त कार्रवाई, घंटों रूका रहा मतदान

इटावा। इटावा जिले में मतदान के दौरान उपद्रवियों ने एसपी सिटी को थप्पड़ मार दिया है। जिले के बढ़पुरा ब्लाक प्रमुख के चुनाव में मतदान को लेकर हो रहे उपद्रव के बीच पहुंचे एसपी सिटी प्रशांत कुमार को किसी ने थप्पड़ मार दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गयी। इससे गुस्सायी पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस बीच पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष व विधायक ने पुलिस पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाने का आरोप लगाया। एसपी सिटी ने खुद को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। बवाल और हंगामा के बीच एक घंटे तक मतदान भी प्रभावित रहा। इटावा में बढ़पुरा ब्लाक में प्रमुख का चुनाव भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी दोनों के लिये ही प्रतिष्ठा का बन गया है। समाजवादी की ओर से एमएलसी राकेश यादव के भतीजे आनंद यादव टंटी प्रत्याशी हैं। जबकि भाजपा की ओर से गनेश राजपूत हैं।

भाजपा विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष अजय धाकरे स्थानीय नेता हैं। स्थानीय ब्लाक होने से इस सीट पर भाजपा भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। शनिवार की दोपहर में एक बजे ब्लाक परिसर में मतदान हो रहा था। तभी कुछ बीडीसी आये तो भीड़ उपद्रव करने लगी। उपद्रव रोकने पहुंचे एसपी सिटी प्रशांत कुमार को किसी ने थप्पड़ मार दिया। एसपी सिटी को थप्पड़ मारे जाने के बाद पुलिस के जवान आग बबूला हो गये। स्थिति को सम्भालने के लिए कई राउंड फायरिंग की। जवानों ने हवा में फायरिंग कर स्थिति का सम्भाला। इसके बाद भी भीड़ नियंत्रित नहीं हुई तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। तब जाकर भीड़ शांत हुई।

इस दौरान मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, विधायक सरिता भदौरिया ने एसपी सिटी पर उनके कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाने का आरोप लगाया। एसपी सिटी ने कहा कि आपके लोगों ने थप्पड़ मारा है। दोनांे और तीखी बहस होने लगी। हालांकि भाजपा नेताओं ने किसी को भी थप्पड़ मारने से इनकार किया है। इस दौरान एक घंटे तक बवाल चला और मतदान रुका रहा। एक घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। गहमागहमी के बीच बढ़पुरा ब्लाक में पड़ते रहे।