Thursday , September 19 2024
Breaking News

इंग्लिश चैनल पार करते समय नाव पलटी, आठ लोगों की मौत…फ्रांस से ब्रिटेन में घुसने की कर रहे थे कोशिश

उत्तरी फ्रांस से ‘इंग्लिश चैनल’ पार करने की कोशिश करते समय कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। फ्रांसीसी समुद्री अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना उस समय हुई जब अधिकारियों ने उत्तरी शहर एम्बलेट्यूस में एक समुद्र तट के पास एक नौका को संकट में देखा, जिसमें दर्जनों लोग सवार थे।

‘चैनल’ और उत्तरी सागर के प्रभारी फ्रांसीसी समुद्री अधिकारियों की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि एक फ्रांसीसी बचाव पोत को क्षेत्र में तैनात किया गया और बचाव सेवाओं ने समुद्र तट पर 53 प्रवासियों को चिकित्सा सहायता प्रदान की। बयान में कहा गया, तत्काल मदद मुहैया कराए जाने के बावजूद आठ लोगों की मौत हो गई।’’ इसमें कहा गया कि समुद्र में तलाश अभियान के दौरान कोई व्यक्ति नहीं मिला।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के हुई। वहीं  दो सप्ताह पहले प्रवासियों को ले जा रही एक नौका ‘इंग्लिश चैनल’ में उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जब वे उत्तरी फ्रांस से ब्रिटेन पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। नौका में सवार दर्जनों लोग खतरनाक जलमार्ग में गिर गए थे और 13 लोगों की मौत हो गई थी।