Breaking News

अयोध्या: नवमी पर देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन को उमड़ी आस्था, घर-घर पूजी गईं कन्याएं

अयोध्या में नवमी पर देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान भक्तों ने मां दुर्गा के नवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री का पूजन किया। इसके बाद हवन पूणार्हुति की गई। साथ ही घर-घर कन्या पूजन का भी आयोजन हुआ। देवकाली मंदिर, जालपा देवी मंदिर, कैंट स्थित पाटेश्वरी देवी मंदिर, मरी माता, नाका के शीतला माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर कल्याण की कामना की।

श्रद्धालुओं ने घरों में मां दुर्गा की आराधना की। इसके बाद कन्या पूजन किया गया। उन्हें पकवान परोसकर भोजन कराने के बाद दक्षिणा देकर विदाई की गई। इससे पहले शनिवार देर शाम नगर में कई जगहों पर देवी जागरण का भी आयोजन किया गया था। नाका, चौक व देवकाली समेत कई इलाकों में लोगों ने जागरण में मां की स्तुति की।

जगह-जगह भंडारे का आयोजन

नौ दिन के नवरात्र के समापन पर जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। खीर-पूड़ी व हलुआ आदि का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भागीदारी की।