Breaking News

यूपी में बड़ा हादसा, श्मशान घाट में गैलरी की छत गिरने से 10 की मौत, 40 से ज्यादा लोग मलबे में दबे

दिल्ली से सटे गाजियाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक श्मशान घाट में गैलरी की छत गिरने के कारण 40 से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ गए। ये हादसा गाजियाबाद थाने के मुरादनगर इलाके में हुआ है। सीओ सदर महिपाल सिंह ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई लोग अभी भी दबे हुए हैं, जबकि कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, श्मशान घाट में पिलरों पर लिंटर पड़ा था। बारिश में लिंटर अचानक गिर गया। किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला। चीख पुकार के बीच कुछ लोग उसके अंदर ही मलबे में दब गए जबकि कुछ ने दौड़कर अपनी जान बचाई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। भवन ज्यादा पुराना नहीं था। आशंका है कि भराव की जमीन में भवन बना था। अधिक  बारिश में मिट्टी बैठने से घटना हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस मलबे से जीवित व मृत लोगों को निकालने में लगी है। घायलों को अलग अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छानबीन चल रही है।

 

वहीं, गाजियाबाद में श्मशान घाट में परिसर की छत गिरने से दबे लोगों को निकालने के लिए राज्य आपदा मोचन बलवीर दल मुरादाबाद की टीम सूचना मिलते ही रवाना हो गई। उप निरीक्षक आशुतोष पांडे इस टीम की अगुवाई कर रहे हैं। टीम में 20 लोग शामिल हैं।