Breaking News

देवबंद रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय बनाया जाएगा : रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव

रिर्पोट :- सुरेंद्र सिंघल/गौरव सिंघल-विशेष संवाददाता,दैनिक संवाद,सहारनपुर मंडल, उप्र:।।
 
देवबंद (दैनिक संवाद न्यूज)।  केंद्रीय रेल, संचार एवं इलैक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री भारत सरकार अश्वनी वैष्णव का सोमवार को देवबंद पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने देवबंद रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।मंत्री ने देवबंद रेलवे स्टेशन को आधुनिक युग के हिसाब से नए मॉडल पर तैयार कराए जाने का आश्वासन दिया।सोमवार सुबह करीब साढे आठ बजे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव विशेष ट्रेन से देवबंद के रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। स्टेशन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह रेलवे स्टेशन के निरीक्षण एवं अन्य रेलवे कार्यक्रमों के लिए जनपद सहारनपुर में आए हैं। इस दौरान उन्होंने देवबंद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया एवं साइट प्लान को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने घोषणा की कि देवबंद रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश भर के 200 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाने की योजना में देवबंद स्टेशन को भी जोड़ा गया है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जो संकल्पना है उसके अंतर्गत देश भर के 200 स्टेशन का मॉडर्न करने का मास्टर प्लान बनाया गया है, उसी में आज देवबंद स्टेशन को भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि देवबंद रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास मॉडर्न स्टेशन बनाया जाएगा।
बैठक के दौरान प्लान बनाया गया कि कैसे स्टेशन को कवर किया जाए और कैसे उसकी लेंथ को लंबा किया जाए। उन्होंने बताया कि देवबंद रेलवे स्टेशन की इमारत को मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी का रूप देने के संबंध में भी चर्चा की गई है। रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा के बाद रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव देवबंद के ऐतिहासिक, प्राचीन और विख्यात शक्तिपीठ श्री मां त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मंदिर पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में देवी मां की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। रेल मंत्री बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से भी बैठक करेंगे और वह किसी एक बूथ क निरीक्षण कर सकते हैं। रेल मंत्री करीब 5 घंटे तक देवबंद रुकेंगे और वहां से वह सहारनपुर पहुंचेंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के देवबंद आगमन के चलते यहां रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों और कई जनपदों के भाजपा नेताओं का सुबह से ही जमावड़ा लगा हुआ था। देवबंद विधायक व राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, मोहित बेनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी,  चौधरी राजपाल सिंह आदि भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री को गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, एसएसपी सहारनपुर डॉ. विपिन टाड़ा, एसडीएम देवबंद संजीव कुमार, सीओ देवबंद रामकरण सिंह, देवबंद कोतवाली प्रभारी हृदय नारायण सिंह सहित जिले के आला अधिकारी और और रेलवे अधिकारी भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। इस दौरान विधायक व राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, मोहित बेनीवाल, जिला कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी राजपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सिंह सैनी, भाजपा नगराध्यक्ष विपिन गर्ग, डा.सुखपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेद्र कश्यप, संदीप शर्मा, नितिन गुप्ता, राजीव गुप्ता, विशाल गर्ग, अमित तायल आदि सैकडों भाजपाई मौजूद रहे।