Breaking News

अमित शाह का 56वांं जन्मदिन आज , PM मोदी समेत इन नेताओं ने दी बधाई

आज…महज कोई आम नहीं बल्कि एक खास दिन है। आज देश के गृह मंत्री अमित शाह का जन्मदिन है। सियासत के चाणक्य कहे जाने वाले शाह का जन्म आज ही के दिन 1964 में मुंबई में हुआ था। शुरू से ही सियासत  के प्रति उनकी ललक और समर्पण ने उन्हें आज इस मुकाम पर लाकर खड़ा कर दिया। इनके द्वारा लिए गए कई ऐसे बेशुमार फैसले रहे हैं, जो आज इतिहास की इबारतों में दर्ज हो चुके हैं। बात चाहें जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 के निरस्त होने की हो या फिर सीएए जैसे नागरिकता कानून की हो, उन्होंने हर एक मसले का बेहद बेबाकी के साथ पटाक्षेप किया है।

वहीं, शाह को जन्मदिन के मौके पर चौतरफा बधाईयां मिल रही है। कई बड़े दिग्गज नेता उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने शाह को जन्मदिन की शुभकामानएं देते हुए कहा कि , ‘अमित शाह जी को जन्मदिन की बधाई। हमारा देश उस समर्पण और उत्कृष्टता का गवाह है, जिससे वे भारत की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। बीजेपी की मजबूती में उनका योगदान भी स्मरणीय है। ईश्वर उन्हें भारत की सेवा में लंबे और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दे।’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  ‘जनप्रिय राजनेता, अद्भुत संगठनकर्ता, जुझारू एवं कुशल रणनीतिकार, राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने वाले गृह मंत्री आदरणीय अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं, प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’

शाह को जन्मदिन के अवसर शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि  अथक परिश्रम से देश की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे गृहमंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। सीएए व धारा 370 हटाने जैसे देशहित के निर्णय से वर्षों पुरानी समस्या का अंत करने के साथ ही भाजपा संगठन, और राज्यों में भाजपा सरकार के विस्तार में आपका अतुलनीय योगदान रहा है।