Breaking News

विधानसभा चुनाव से पहले इन नेताओं ने बदला दिल और दल, अब ऐसी है तैयारी

विधानसभा चुनाव के करीब आने के साथ ही सियासत के रंग बदलने लगे हैं। हर दिन, हर पल किसी न किसी नेता का दिल और दल बदल रहा है। पश्चिम में दलित नेता के तौर पर पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने सबसे पहले समाजवादी पार्टी का दामन थामा। उसके बाद धीरे-धीरे अब दूसरे दलों में लाइन लगती जा रही है। मुजफ्फरनगर में पूर्व विधायक हरेन्द्र मलिक और पंकज मलिक ने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। मेरठ में कुछ माह पूर्व विधायक योगेश वर्मा, मेयर सुनीता वर्मा साइकिल पर सवार हुए थे। भाजपा के पूर्व एमएलसी और पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रह चुके राजकुमार त्यागी ने भी भारतीय जनता पार्टी छोड़ कर रालोद का दामन थाम लिया। इसी तरह मुजफ्फरनगर से सांसद रहे कादिर राणा बसपा से निष्कासित होने के बाद रालोद में होते हुए अब समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये हैं।

अखिलेश से मिले शाहिद अखलाक

मेरठ से पूर्व सांसद और पूर्व मेयर शाहिद अखलाक ने समाजवादी पार्टी के साथ जाने की कवायद तेज कर दी है। उन्होंने मंगलवार को लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात कर सबको चैंका दिया। दो दिन पहले ही फेसबुक पोस्ट से उनके असुद्दीन ओवैसी के साथ जाने की चर्चा थी। माना जा रहा था कि वह एआईएमआईएम से चुनाव लड़ेंगे। अचानक मंगलवार को वह अखिलेश यादव से मिले। करीब घंटेभर दोनों के बीच बातचीत हुई। शाहिद अखलाक ने मुलाकात के बाद कोई राजनीतिक फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद ही कोई फैसला लेंगे। अतुल प्रधान ने कहा कि सहमति हो गई है। जल्द ही ज्वाइनिंग हो जाएगी।

प्रियंका की रैली में शामिल हो सकते हैं पूर्व विधायक

मेरठ में अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की रैली होने वाली है। रैली में भाजपा के एक पूर्व विधायक और कुछ पदाधिकारियों के शामिल होने की चर्चा तेज है। शामली में राज्य महिला आयोग की सदस्य रहीं प्रियंवदा तोमर ने भाजपा छोड़कर रालोद ज्वाइन की है। वह रालोद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष हैं।

नोमान मसूद-चैधरी नीरपाल सिंह बदल चुके दल

सहारनपुर में फिलहाल दो नेताओं ने पार्टी बदली है। दिग्गज नेता काजी रशीद मसूद के भतीजे और इमरान मसूद के भाई नोमान मसूद ने बीते दिनों कांग्रेस छोड़ रालोद का दामन थामा है। वह गंगोह विधानसभा से तीन बार कांग्रेस से चुनाव लड़ चुके हैं। सपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे चैधरी नीर पाल सिंह ने भी बीते दिनों रालोद का दामन थामा है। वह रालोद की लोक संकल्प समिति के सदस्य हैं।

सपा में गये यशवीर सिंह सुबोध-गायत्री भाजपा में

बिजनौर में पूर्व सांसद यशवीर सिंह भाजपा छोड़कर वापस समाजवादी पार्टी में सदस्यता ले चुके हैं। इनके अलावा बसपा से पूर्व एमएलसी सुबोध पाराशर और उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गायत्री पाराशर ने बसपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।