Breaking News

चुनाव से पहले विधायक, मत्रियों के काम का हुआ आकलन, अब ऐसी है तैयारी

भारतीय जनता पार्टी अब पूरी तरह से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मोड में आ चुकी है। पार्टी और संगठन दोनों स्तर से तैयारियां तेज हो गयी हैं। भारतीय जनता पार्टी समीक्षा बैठकों में मंत्रियों के कामकाज का आकलन कर रही है। बताया जा रहा है कि समीक्षा में आधे मंत्रियों का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया गया है। अभी मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतारने पर फैसला नहीं हुआ है। आकलन के अनुसार ही चुनाव की रणनीति तय होगी। ज्ञात हो कि अगले साल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इन चुनावों में सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश के चुनाव है। जनसंख्या और सीट के अनुपात में देश का सबसे बड़ा विधानसभा चुनाव होना है। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा सीटें बटोर कर 2024 में सत्ता में काबिज होना चाहती है। ऐसे उत्तर प्रदेश को लेकर सबसे ज्यादा बैठकें की जा रही हैं।

 

सत्ता विरोध माहौल खत्म करने की कोशिश

दिल्ली में उत्तर प्रदेश को लेकर कई बैठके हुईं हैं। इन बैठकों में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहे। बीजेपी को चुनावी अभियान में एक बड़ा हिस्सा सत्ता विरोधी माहौल खत्म करना है। ऐसे में विधायकों के पांच साल के काम के साथ मंत्रियों के काम का भी पूरा आंकलन किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में विधायकों के टिकट बड़ी संख्या में तो कटेंगे ही, साथ ही कई मंत्रियों पर भी गाज गिरेगी। सरकार के लगभग आध मंत्री ऐसे हैं, जिनका कामकाज संतोषजनक नहीं है। इसकी वजह यह भी मानी जा रही है कि कोरोना के दौरान जनता की अपेक्षाएं बहुत ज्यादा थीं और उनकी नाराजगी मंत्रियों से ज्यादा है। सरकार अब तेजी से काम करके इस नाराजगी को कम करने की कोशिश भी कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की कोशिश है कि अधिक से अधिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी जनता के बीच जायें।

पीएम का दौरा

चुनावों के तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को सिद्धार्थनगर आएंगे और यहीं से उत्तर प्रदेश के सात नवनिर्मित मेडिकल कालेजों का लोकार्पण करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां पत्रकारों को यह जानकारी दी है। वह मोदी के 25 अक्टूबर को सिद्धार्थनगर आगमन की तैयारियों का जायजा लेने सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पहुंचे थे। उन्होंने नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज भवन और उसके परिसर का मुआयना किया और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर बैठक की।