Breaking News

यूक्रेन से किम जोंग भी करेगा जंग? पुतिन की मदद के लिए खुलकर सामने आया तानाशाह

दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की सहायता के लिए अपने सैनिकों को भेजा है। इससे पहले गुरुवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया था कि उनके देश में रूस की तरफ से लड़ने के लिए उत्तर कोरिया के दस हजार सैनिक तैयारी कर रहे हैं। कुछ उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती भी हो चुकी है। इन दावों से जाहिर होता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध में तीसरा देश कूद सकता है। अगर ऐसा होता है तो उत्तर कोरिया और पश्चिम के बीच तनाव बढ़ सकता है।

उत्तर कोरिया के 1500 सैनिक भेजे गए

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (एनआइएस) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि रूसी नौसेना के जहाजों से आठ से 13 अक्टूबर के बीच उत्तर कोरिया के विशेष ऑपरेशन बलों के 1500 सैनिक भेजे गए। इन्हें रूस के बंदरगाह शहर व्लादिवोस्तोक पहुंचाया गया है। उत्तर कोरिया के और सैनिकों को जल्द ही रूस भेजे जाने की उम्मीद है।

एनआइएस के अनुसार, उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूसी सैन्य वर्दी, हथियार और जाली पहचान दस्तावेज दिए गए हैं। इन सैनिकों को अभी व्लादिवोस्तोक समेत अन्य रूसी सैन्य ठिकानों में ठहराया गया है। प्रशिक्षण के बाद युद्ध के मैदान में भेजे जा सकते हैं।

रूस भेजे जाएंगे 12 हजार सैनिक

दक्षिण कोरियाई समाचार एजेंसी योनहाप ने बताया कि उत्तर कोरिया ने कुल 12 हजार सैनिकों को रूस भेजने का निर्णय लिया है। हालांकि, एनआइएस ने इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है।

रूस ने फिर दिखाई परमाणु शक्ति

रूस ने पश्चिमी देशों को यूक्रेन की सहायता से रोकने के लिए फिर परमाणु शक्ति दिखाई है। इस वर्ष रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बार-बार यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके देश के पास दुनिया का सबसे बड़ा परमाणु हथियारों का जखीरा है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि रूस अपनी सामरिक परमाणु बलों की मिसाइल इकाई की तैयारी का परीक्षण कर रहा है।

जेलेंस्की ने भी किया था दावा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने गुरुवार को दावा किया था। उन्होंने कहा था कि उनके देश में रूस की तरफ से लड़ने के लिए उत्तर कोरिया के दस हजार सैनिक तैयारी कर रहे हैं। इस बारे में हमें जानकारी मिली है।