Breaking News

सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के लिए चार फरवरी से होंगे नामांकन, तीन मार्च को मतदान

रिर्पोट :- गौरव सिंघल,वरिष्ठ संवाददाता, दैनिक संवाद, सहारनपुर मंडल।
सहारनपुर। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सदस्य का नामांकन चार फरवरी से शुरू होगा और 11 फरवरी तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि तीन मार्च को मतदान होगा। वर्तमान में महमूद अली बसपा के विधान परिषद के सदस्य हैं। जिनका कार्यकाल इसी वर्ष सात मार्च को पूरा हो रहा है।
डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि इस चुनाव में ग्राम प्रधान, लोक समिति के सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, निगम पार्षद, नगर पालिका सदस्य और विधायक वोट डालते हैं, जिनकी कुल संख्या 5113 है। जिनमें 2406 सहारनपुर में, 1833 मुजफ्फरनगर में और 874 शामली में हैं। अखिलेश सिंह ने बताया कि 12 मार्च को मतगणना होगी। ध्यान रहे वर्ष 2016 में हुए चुनाव में 3841 मतदाताओं ने वोट डाले थे। बसपा के विजयी प्रत्याशी महमूद अली को 2777, सपा के गौरव जैन को 436 और भाजपा के सूरत सिंह वर्मा को 581 मत मिले थे। मोहम्मद आरिफ को 19, कल्याण सिंह को 7, सुशील कुमार को 16 मत प्राप्त हुए थे और दो वोट नोटा में गए थे। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही राजनीतिक दलों में सक्रियता बढ़ गई है और विभिन्न दलों से अनेक दावेदार टिकट के लिए भाग-दौड़ में लग गए है।