Breaking News

सपा ने सहारनपुर की सातों विधानसभा सीटों के उम्मीदवार घोषित किए, देवबंद से कार्तिकेय राणा और गंगोह से चौधरी इंद्रसैन बने उम्मीदवार

रिर्पोट :- गौरव सिंघल,वरिष्ठ संवाददाता,दैनिक संवाद सहारनपुर मंडल।

सहारनपुर/देवबंद। समाजवादी पार्टी ने दूसरे चरण के मतदान वाले सहारनपुर जिले की सातों सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव चार उम्मीदवारों को तीन दिन पूर्व पार्टी का चुनाव चिन्ह आवंटित कर चुके थे। तीन उम्मीदवारों को आज चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रूद्रसैन ने बताया कि उनके भाई चौधरी इंद्रसैन गंगोह सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि देवबंद सीट से सपा टिकट के दावेदार कार्तिकेय राणा निवासी ग्राम भायला कलां को आज देर शाम सपा का चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है। देवबंद सीट से पूर्व विधायक माविया अली भी दावेदारों में शामिल थे। कार्तिकेय राणा के पिता राजेंद्र राणा दो बार देवबंद सीट से विधायक रहे हैं।

2002 में उन्होंने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़कर अपने ही गांव निवासी भाजपा उम्मीदवार रामपाल पुंडीर को पराजित किया था। बाद में वह पाला बदलकर सपा में चले गए थे और मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री बनाए गए थे। 2012 में राजेंद्र राणा देवबंद से सपा के टिकट पर फिर से विधायक चुने गए और अखिलेश यादव सरकार में मंत्री बनाए गए।2016 में राजेंद्र राणा का निधन हो गया। उपचुनाव में राजेंद्र राणा की पत्नी सपा उम्मीदवार मीना सिंह राणा को कांग्रेस उम्मीदवार माविया अली ने पराजित कर दिया था। कार्तिकेय राणा नौजवान हैं और उनका यह पहला विधानसभा चुनाव होगा। सहारनपुर नगर के सपा विधायक संजय गर्ग ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से बेहट सीट से पूर्व एमएलसी उमर अली खान कोसहारनपुर से उन्हें यानि संजय गर्ग कोसहारनपुर देहात सीट से पूर्व एमएलसी आशु मलिक को टिकट दिया गया है और नकुड़ सीट से भाजपा से दल-बदलकर आए राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी को सपा उम्मीदवार बनाया गया है।

 

जिले की रामपुर मनिहारान आरक्षित सीट से विवेक कांत को उम्मीदवार बनाया गया है। जिले में भाजपा भी अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। भाजपा ने नकुड़ सीट पर नया उम्मीदवार मुकेश चौधरी गुर्जर को उतारा हैं। जबकि बेहट सीट पर कांग्रेस से आए विधायक नरेश सैनी भाजपा उम्मीदवार बनाए गए हैं। भाजपा ने सहारनपुर देहात सीट पर भी नया उम्मीदवार उतारा है। यहां बहुजन समाज पार्टी के तीन बार विधायक रहे जगपाल सिंह उम्मीदवार बनाए गए हैं। सहारनपुर से भाजपा ने पूर्व विधायक राजीव गुंबर को उम्मीदवार बनाया है।