Breaking News

शादीशुदा महिला को नौ दिनों तक ऐसे बनाये रखा बंधक, नशे का इंजेक्शन दे कर करते थे गैंगरेप

गुरुग्राम में एक शादीशुदा महिला से हैवानियत की हदें पार कर दी गयीं। महिला का अपहरण कर उसे नौ दिनों तक एक कमरे में बंधक गैंगरेप किया गया। महिला को नशे का इंजेक्शन लगाकर बेहोशी की हालत में चार लोगों ने गैंगेरप किया। गैंगरेप के आरोपी चार दोस्तों ने उसका वीडियो भी बना लिया है। महिला को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। नौ दिनों तक विरोध करने पर महिला की पिटाई भी की गई। नौ दिनों के बाद आरोपी महिला को नशे की हालत में फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में छोड़कर फरार हो गए। अचेत हालत में महिला ने अपने घर फोन किया। देवर के आने पर वह अपने घर पहुंची। स्वास्थ्य में सुधार होने पर रविवार को पुलिस को गैंगरेप की वारदात के बारे में बताया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर रविवार को सोहना सदर थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गैंगरेप के मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मूलरूप से सोहना के एक गांव की रहने वाली 22 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 29 जून को घर के पास पानी के लिए गई थी। पानी लेने के दौरान उसका एक परिचित मिला।

चिंटू नामक उस युवक ने 30 जून को किसी काम से मिलने के लिए बुलाया। सुबह पांच बजे मंदिर के पास मिलने पहुंचने पर एक सफेद रंग की कार आई। कार को दीपक चला रहा था और पीछे संजू बैठा हुआ था। सभी युवकों ने जबर्दस्ती उसे कार में बैठा लिया। कार फरीदाबाद की तरफ लेकर चल दिये। महिला ने बताया कि कुछ देर बाद प्यास लगने पर जब उसने पानी मांगा तो आरोपी युवकों ने पानी में कुछ मिलाकर दिया था। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। जब महिला को होश आया तो वह एक मकान के कमरे में थी। कमरे में शराब की बोतलें रखी हुई थीं।

महिला ने पुलिस को बताया कि 30 जून रात को कुलदीप नामक युवक भी कमरे पर आ गया। उसके बाद चारों दोस्तों ने गैंगरेप किया। कुलदीप ने उसके हाथ में इंजेक्शन लगाया और वह बेहोश हो सुबह जब होश आया तो कमरे पर सिर्फ संजू और दीपक दिखे। रात को चिंटू और कुलदीप आते थे। महिला ने बताया कि रोजाना सभी आरोपी उसको इंजेक्शन और गोलियां खिलाने के बाद गैंगरेप करते। नौ दिन तक यही सिलसिला चलता रहा।

विरोध करने पर पिटाई की

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। रेप के दौरान आरोपी युवक उसको पिस्तौल दिखाते थे। विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई करते थे। आरोपियों ने मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। रेप के दौरान उसे धमकी दी जाती थी कि अगर किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। घर से पति का फोन आने पर आरोपी उसे गन प्वाइंट पर लेकर ठीक होने की बात कहलवाते थे। चारों आरोपियों ने नौ दिनों तक गैंगरेप किया। आठ जुलाई को सुबह आरोपी महिला को नशे की हालत में बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए। एसीपी संदीप मलिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।