Breaking News

शर्मनाक : कोरोना संक्रमित युवती से गैंगरेप, कमजोरी के कारण नहीं कर पाई आरोपियों का विरोध

एक तरफ देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों में भी कमी नहीं आ रही है। वहीं इसी क्रम में मध्यप्रदेश के शहर इंदौर से एक बहुत ही खौफनाक घटना सामने आई है। चोरी की नीयत से आधी रात में एक घर में घुसे तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर महिला के साथ गैंगरेप किया। बता दें युवती कोरोना पॉजिटिव थी और वो घर में ही क्वारंटीन थी। युवती के घर से बदमाश 50 हजार नकद और दो मोबाइल भी ले गए। इस केस में पुलिस ने शनिवार को सीसीटीवी में कैद हुए तीन आरोपियों में दो को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जबकि एक फरार है। जिन दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है वो नाबालिग हैं।

पीड़िता ने इंदौर के एसएसपी राजेश रघुवंशी को बताया कि कोरोना पॉजिटिव होने के बाद वह होम क्वारंटीन थी। गुरुवार रात 2 बजे युवती की नींद खुली, तो तीन लोग उसके बेड के पास खड़े थे। बदमाशों ने उसे चाकू, कटर और कैंची दिखाई और पैसों व गहनों की मांग करने लगे। तब महिला ने उन्हें 50 हजार रुपये और दो मोबाइल दे दिए। इसके बाद तीनों ने उस महिला के साथ गैंगरेप किया। महिला उनका विरोध नहीं कर पाई। हत्या के डर से वो शोर भी नहीं मचा पाई। पीड़िता ने कहा कि घटना के बाद भी एक बदमाश सुबह 5 बजे तक उसके घर के बाहर पहरा देता रहा जिससे महिला पुलिस के शिकायत करने न जा सके। जब उजाला हुआ तो वह भी भाग गया।

जानिए क्या है मामला
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के पंचवटी कॉलोनी में रहने वाली 37 वर्षीय युवती घर में ही क्वारंटीन है। उसके घर में गुरुवार देर रात घुसे तीन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस वारदात की जानकारी शुक्रवार सुबह डायल 100 को मिली। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने महिला का मेडिकल करवाया। बयान के आधार पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान की। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों को ढूंढने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दो आरोपियों को मुखबिरों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी नाबालिग हैं। फिलहाल दोनाें ने जुर्म भी कबूल कर लिया है। इनमें से एक की पहचान दीपक के तौर पर हुई है, जो महिला के पड़ोस में ही रहता था। महिला को घर में अकेला देखकर उसने यह प्लान बनाया था। पुलिस दीपक को अभी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बता दें दीपक पर 20 हजार का पहले से ही इनाम है। वह 2 महीने पहले ही जेल से निकला था।