Breaking News

रामपुर व मैनपुरी पर समाजवाादी तो खतौली सीट पर RLD लड़ेगी उपचुनाव, सपा ने ट्वीट कर दी जानकारी

यूपी में 1 लोकसभा व 2 विधानसभा सीटों पर 5 दिसंबर को होने वाले उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन ने मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। जहा सपा ने मैनपुरी व रामपुर की अपनी परंपरागत सीट अपने पास रखी है। वहीं खतौली की सीट पर रालोद को दी है। आपको बता दे कि इन तीनों सीट पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव का ऐलान किया है।
आजम खान व विक्रम सैनी की सदस्यता जाने के बाद हो रहा उपचुनाव
आपको बता दे की पिछले महीने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी की लोकसभा सीट व आजम खान व विक्रम सैनी की विधानसभा की सदस्यता जाने के बाद उपचुनाव हो रहे है। उपचुनाव को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी के आधिकारिक रूप से ट्वीट कर ये जानकारी दी गई कि उपचुनाव में मैनपुरी व रामपुर की सीट पर सपा तो खतौली सीट पर आर एल डी के प्रत्याशी चुनाव लड़ेगे।
मुलायम सिंह के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी की सीट
पिछले महीने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। मुलायम सिंह यादव यूपी के मैनपुरी से 2019 के लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए थे। इससे पहले वह 2014 के लोकसभा में आजमगढ़ से संसद के लिए चुने गए थे। मैनपुरी की ये सीट परंपरागत रूप से समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है।
कोर्ट से सजा होने के बाद गई यूपी के दोनों विधायकों की सदस्यता
पिछले महीने मुजफ्फरनगर के खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी को मुजफ्फरनगर दंगों में MP/MLA कोर्ट से 2 साल की सजा होने के बाद उनकी सदस्यता चली गई थी। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान आजम खान को हेट स्पीच देने के मामले में रामपुर की विशेष MP/MLA कोर्ट से 3 साल की सजा मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन दोनों की सीट को शून्य घोषित कर दिया था। जिसके बाद चुनाव आयोग ने तीनों सीटों पर 5 दिसंबर को उपचुनाव का ऐलान कर दिया।
सपा गठबंधन व भाजपा में सीधा मुकाबला
यूपी के इन तीनोंं ही सीटों पर सत्तारुढ़ भाजपा व यूपी की मुख्य विपक्षी पार्टी सपा का सीधा मुकाबला है। जहां भाजपा ने मुजफ्फरनगर की खतौली की अपनी सीट बचाने के साथ ही सपा का गढ़ कहे जाने वाले इन दोनों सीट को जीतने की रणनीति बनाई है। वहीं सपा ने भी इन सीटों पर अपने मजबूत उम्मीदवार को उतारने के साथ भाजपा को कड़ी टक्कर देने के संकेत दे दिए है। इन सीटों पर प्रत्याशियों को उतारने के लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव बैठक कर रणनीति बना रहे है।
जयंत ने पहले ही कर दिया था इशारा
उपचुनाव में सीटों के बटवारे को लेकर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मंगलवार को ही संकेत दे दिए थे। बागपत के एक कार्यक्रम में पहुंचे जयंत ने कहा था कि खतौली की विधानसभा सीट पर रालोद का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। वहीं रामपुर व मैनपुरी के चुनाव में रालोद सपा की मदद करेगी।