Breaking News

महिला पुलिसकर्मियों ने प्रियंका का काफिला रोका, सेल्फी लेने पड़ा भारी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ लखनऊ की कमिश्नरेट पुलिस को सेल्फी लेना भारी पड़ गया। आगरा जाते समय बुधवार दोपहर एक्सप्रेस-वे पर जब प्रियंका गांधी का काफिला पुलिस ने रोका तो कांग्रेस कार्यकर्ता हंगामा करने लगे। काफिला रुकने पर प्रियंका जब गाड़ी से उतरीं तो आसपास खड़ीं महिला पुलिसकर्मियों को देखकर मुस्कुराने लगीं।

प्रियंका को मुस्कुराते देख महिला पुलिसकर्मी उनके करीब पहुंचीं। इस बीच एक महिला सिपाही ने अपना मोबाइल निकाला। यह देख प्रियंका ने पास खड़ी एक महिला दारोगा और सिपाही के कंधे पर हाथ रखा तो सिपाही ने सेल्फी ले ली।

महिला सिपाही को सेल्फी लेते देख आस पड़ोस खड़ीं अन्य महिला पुलिस कर्मी भी मुस्कुराने लगीं। तभी वहां खड़े कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल होने पर किसी ने कमेंट किया कि ड्यूटी छोड़कर महिला सिपाही सेल्फी ले रही हैं तो किसी ने कुछ कमेंट किया।

इसके बाद प्रियंका ने ट्वीट किया कि खबर आ रही है कि इस तस्वीर से सीएम योगी इतने व्यथित हो गए कि इन महिला पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करना चाहते हैं। अगर मेरे साथ तस्वीर लेना गुनाह है तो इसकी सजा भी मुझे मिले, इन कर्मठ और निष्ठावान पुलिसकर्मियों का भविष्य खराब करना सरकार को शोभा नहीं देता।

इस संबंध में डीसीपी सेंट्रल डा. ख्याति गर्ग ने बताया कि अभी हम यह जांच करा रहे हैं कि प्रियंका के साथ सेल्फी लेने वाली महिला पुलिस कर्मी किस थाने की हैं। महिला पुलिस कर्मियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।