Breaking News

बार के बाहर शख्स ने बरसाईं गोलियां, 7 घायल, 4 की हालत गंभीर

अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में एक शख्स ने बार के बाहर भीड़ पर फायरिंग कर दी। इसमें 7 लोग घायल हो गए। इनमें से 4 की हालत गंभीर है। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई। पुलिस फिलहाल हमलावर की तलाश कर रही है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए लोगों की उम्र 42, 23, 21 और 18 साल है। 21 साल के एक युवक और 17 साल के दो बच्चों की हालत स्थिर है। अब तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि गोल्फ एंड सोशल स्पोर्ट्स बार में काफी भीड़ थी। यह जगह शहर के व्यस्त रहने वाले डेलावेयर एवेन्यू के पास है। इसी दौरान एक शख्स ने हैंडगन से भीड़ पर गोलियां चला दीं। मौके पर पहुंची पुलिस को एक स्टोर में दो और बार में दो घायल मिले। तीन अन्य लोग अपने वाहनों से हॉस्पिटल गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सर्विलांस वीडियो में एक एसयूवी और सफेद कार के आसपास कई लोग दिखाई दे रहे हैं। ये सभी रिवर्स कैसिनो की पार्किंग में मौजूद हैं। बाद में वे ग्रे रंग की एक कार से निकल गए। पुलिस ने कहा कि उन्हें बाद में एसयूवी में दो हैंड गन मिली हैं। सफेद कार के बारे में पता चला है कि वह चोरी हो गई थी। इस घटना से पहले फिलाडेल्फिया के एक बाइक पर सवार दो लड़कों को गोली मारी गई थी। उनमें से एक की मौत हो गई थी। उस शूटिंग में एक संदिग्ध की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि दोनों घटनाओं में कोई संबंध नहीं है। अमेरिका में 16 से 22 मार्च तक भीड़ पर फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।