Breaking News

नारी तुम केवल श्रद्धा हो… वामा को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने किया नमन

महिलाओं ने 21वीं सदी में धरती से लेकर आसमान, सुरक्षा से लेकर न्याय करने, स्वास्थ्य सेवा के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी उठा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी स्वरूपा देवी को नमन किया है। उन्होंने महिला शक्ति को सलाम किया है। राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नये कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आइए आज के दिन हम सब, महिलाओं व पुरुषों के बीच असमानता पूर्णतया समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हमारी अदम्य नारी शक्ति को सलाम! देश के हर एक क्षेत्र में महिलाओं ने बुलंदियों को छुआ है। भारत को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।

महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का मौका मिलना हमारी सरकार के लिए गर्व की बात है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला शक्ति को नमन करते हुए ट्वीट कर लिखा कि प्रदेश की नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सर्वांगीण उन्नयन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने मिशन शक्ति के उद्देश्यों की सफलता के लिए सभी का आह्वान किया।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने भोपाल में महिला सफाई कर्मचारियों से बात की और उनके साथ झाड़ू भी लगाई।शिवराज सिंह ने कहा कि मुझे खुशी है कि मैंने दिन की शुरुआत सफाई कर्मी बहनों के साथ की। उन्होंने महिलाओं के सम्मान की बात की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नोएडा अथॉरिटी ने नोएडा स्टेडियम में महिलाओं के लिए पिंक मैराथन आयोजित की।