Breaking News

धनबाद की कोयला खदान में बड़ा हादसा, 13 लोगों की मौत, दर्जनों मजदूर फंसे

झारखंड के धनबाद में बड़ा हादसा हो गया है। कोयला खनन के दौरान हादसा होने से अफरा तफरी मच गयी है। मंगलवार को निरसा प्रखंड के इसीएल मुगमा एरिया में 20 फीट ऊपर की ऊंचाई से चाल गिरने के कारण करीब 13 लोगों की मौत हो गई है। दर्जनों से ज्यादा लोगों की दबने की अशंका व्यक्त की जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है। हादसा होने के साथ ही आनन-फानन में कुछ काम कर रहे लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में घायल होने वालों का इलाज निजी नर्सिंग होम में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हर दिन की तरह भारी संख्या में महिला, पुरुष कई समेत बच्चे अवैध उत्खनन करने के लिए आउटसोर्सिंग पर आए थे। वहां ईसीएल प्रबंधन की ओर से ट्रेंच कटिंग किया गया था।

तभी अचानक 20 फीट के ऊपर से चाल भर भराकर नीचे गिर गया, जिसमें दर्जन भर से ज्यादा लोग दब गये। घटना की जानाकारी मिलने के बाद धनबाद के निरसा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। कोयले से दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन से खोदाई कराई जा रही है। जैसे ही स्थानीय लोगों को इस घटना की जानकारी मिली तो लोग भारी संख्या में आउटसोर्सिंग के पास जुट गये। पुलिस और इसीएल प्रबंधन का इस बारे में कहना है कि इस हादसे में जांच की जा रही है।

अलग-अलग जगह हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक- हादसा कापासाड़ा आउटसोर्सिंग में हुआ, जहां लोग अवैध उत्खनन के लिए सुबह करीब सात बजे जुटे थे। अवैध उत्खनन शुरू होने के आधे घंटे के बाद वहां भी चाल भरभरा कर गिर गया। इसमें मुगमा क्षेत्र के तीन लोगों की मौत हो गई। तीसरी घटना बीसीसीएल सीवी एरिया की है जहां अवैध कोयला खनन के दौरान तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। इसमें कई महिलाओं के दबने की अशंका व्यक्त की जा रही है। बताया जाता है कि सभी लोग पतलाबाड़ी की हैं। धनबाद पुलिस का कहना हैं कि हादसे की जांच की जा रही है। इस अवैध खनन में जिन लोग दबे होने की बात बताई जा रही है, अभी तक उनके बारे में कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है।

धनबाद प्रशासन करवा रहा है कोयले की चोरी

हादसे के बाद इस मामले में पूर्व विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि झारखंड के मुखिया के इशारे पर धनबाद में जिला प्रशासन कोयले की चोरी करवा रहा है। आए दिन अवैध खनन में लोगों की जान जा रही है। आज अलग-अलग जगहों में करीब 20 लोगों की जान चली गई और दर्जनों लोग दबे होने की आशंका है।