Breaking News

केंद्रीय गृहराज्य मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर धरने पर बैंठी प्रियंका, ऐसे बढ़ाया सियासी तनाव

लखीमपुर में किसानों के रौंदे जाने को लेकर सियासी तल्खी बढ़ती ही जा रही है। हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मौन धरने पर बैठीं। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी‘ को बर्खास्त करने की मांग को लेकर सोमवार को मौन धरना दे रह है। जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष सभी कांग्रेस पदाधिकारी धरने पर बैठें हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के पुत्र आशीष मिश्रा किसानों को कार से रौंदे जाने और हिंसा के मामले में आरोपी हैं। कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य की राजधानी लखनऊ के जीपीओ पार्क में एकत्र हुए और महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ हैं।

 

अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की जा रही है। पार्टी ने मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। ज्ञात हो कि लखीमपुर कांड में हिंसा में तीन अक्टूबर को चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी लखनऊ में इस मौन धरने में शामिल हुई हैं। यह धरना एक घंटे तक चला।

इससे पहले प्रियंका ने रविवार को वाराणसी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिल जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से नहीं डरते, भले ही आप उन्हें जेल में डाल दें या उनकी पिटाई करें। प्रियंका ने कहा कि हम तब तक लड़ते रहेंगे जब तक केंद्रीय राज्य मंत्री इस्तीफा नहीं देते। हमारी पार्टी ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है और कोई हमें चुप नहीं करा सकता। मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को शनिवार रात 12 घंटे की पूछताछ के बाद लखीमपुर में गिरफ्तार कर लिया गया था। कोर्ट ने आरोपी आशीष को पुलिस रिमांड पर दिया है।