Breaking News

इस बार धनतेरस पर बन रहे हैं ये दो शुभ योग, इस दिन खरीदारी करने से घर आएंगी मां लक्ष्मी

अब दिवाली का त्योहार आने में कुछ ही दिन बचे हैं। दिवाली से पहले धनतेरस (Dhanteras) का त्योहार आता है जिसमें नई चीजों की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। इस त्योहार को धन त्रयोदशी और धनवंतरी जयंती भी कहा जाता है। इस दिन बाजार से बर्तन, सोने-चांदी की चीजें, मिट्टी के दीये या घर का सामान खरीदना बहुत शुभ होता है। धनतेरस का त्योहार इस बार मंगलवार, 2 नवंबर को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. अरुणेश कुमार शर्मा के अनुसार, इस साल धनतेरस पर दो शुभ योग बन रहे हैं।

त्रिपुष्कर योग- (DHANTERAS 2021 TRIPUSHKAR YOG)

धनतेरस के दिनत्रिपुष्कर योग बन रहा है जोकि बहुत ही शुभ माना जाता है। इस योग में जो खरीदारी करता है उसका निश्चित तौर पर भाग्योदय होगा। बता दें यह शुभ योग मंगलवार और द्वादशी तिथि के संयोग से बनता है। हालांकि इस बार द्वादशी तिथि 1 नवंबर से शुरू होकर 2 नवंबर को सुबह 11.30 बजे तक ही रहेगी। इसलिए त्रिपुष्कर योग का फायदा मंगलवार, 2 नवंबर को सूर्योदय से लेकर सुबह साढ़े 11 बजे तक ही ले सकते हैं।

इसलिए खास है त्रिपुष्कर योग

त्रिपुष्कर योग में खरीदारी करना बहुत ही शुभ माना गया है। ज्योतिषविद के अनुसार, इस शुभ घड़ी में खरीदारी करने का लाभ तीन गुना तक बढ़ता है। उदाहरण के तौर पर, अगर त्रिपुष्कर योग में आप घर, वाहन या गहने खरीदते हैं तो भविष्य में इनके तीन गुना बढ़ने की संभावनाएं ज्यादा होती हैं। इस अवधि में आप अपने मन की चीजें खरीद सकते हैं।

दूसरा योग लाभ अमृत

ज्योतिषविद के अनुसार, धनतेरस पर दूसरा शुभ योग लाभ अमृत योग बन रहा है। बाजार से नई चीजों की खरीदारी के लिए लाभ अमृत योग को बेहद शुभ माना जाता है। धनतेरस पर सुबह साढ़े 10 बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक लाभ अमृत रहेगा। त्रिपुष्कर योग और लाभ अमृत योग की अवधि को जोड़ लिया जाए तो धनतेरस पर सूर्योदय से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक खरीदारी करना बहुत ही अच्छा रहेगा।

भौम प्रदोष व्रत

इस बार मंगलवार, 2 नवंबर को भौम प्रदोष व्रत भी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, भौम प्रदोष व्रत और धनतेरस के संयोग में कुछ चीजों की खरीदारी करना अधिक सकारात्मक रिजल्ट मिलते हैं। इस दिन घर, दुकान, जमीन के क्षेत्र में निवेश करने से बहुत लाभ मिलता है।