Breaking News

दो-तीन दिन में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, धीरे-धीरे कम होगा लू का प्रकोप

तपती गर्मी (Sweltering Heat) के बीच भारत (India) मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राहत की खबर दी है। आईएमडी ने कहा है कि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत (North, Central and Eastern India) में कई दिनों से चल रही लू से जल्द राहत मिलने वाली है। अगले दो से तीन दिनों में लू ((Heat wave) धीरे-धीरे कम होने लगेगी। हालांकि, शुक्रवार को भी लू का प्रकोप (Heat wave outbreak) जारी रहा पर पिछले कुछ दिनों के मुकाबले इसमें कमी देखी गई है। मौसम विभाग ने कहा, शुक्रवार को भी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तीव्र लू की स्थिति देखी गई। राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में रात के समय भी गर्मी महसूस की गई। इस बीच, दिल्ली में शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री के करीब बना रहा और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजस्थान के कई शहरों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट के बीच गर्मी जारी रही। इस दौरान करौली 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, करौली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 47.3 डिग्री, संगरिया में 46.7 डिग्री, वनस्थली में 46.6 डिग्री, अलवर में 46.5 डिग्री, धौलपुर में 46.4 डिग्री, चूरू में 46.2 डिग्री, फतेहपुर में 46.1 डिग्री और जयपुर में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।

11 से 3 बजे तक घर में रहने की सलाह
ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को लू से अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि कर दी। वहीं, 18 और लोगों की मौत की जांच चल रही है, जिनके गर्मी से संबंधित बीमारी से जुड़े होने का संदेह है। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) सत्यब्रत साहू के मुताबिक, बालासोर, ढेंकनाल, मयूरभंज, सोनपुर और बोलांगीर में एक-एक मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, ओडिशा में 13 अलग-अलग स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को लोगों को अगले तीन दिनों तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक घर के अंदर रहने की सलाह दी।

फरीदाबाद में 48.1 और नूह में 48.2 डिग्री रहा पारा
पिछले कई दिनों से हरियाणा और पंजाब में जारी भीषण गर्मी में कोई कमी नहीं आई है। नूंह और फरीदाबाद में शुक्रवार को तापमान क्रमश: 48.2 डिग्री और 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी गर्मी जारी रही, यहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण सिरसा में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री दर्ज किया गया।

नागपुर में 56 डिग्री की रिपोर्ट सही नहीं : मौसम विभाग
नागपुर सिटी ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) में तापमान सेंसर वर्तमान में खराब है। इसमें गत गुरुवार को 56 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो सही नहीं है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उत्तराखंड में टूट रहे गर्मी के रिकॉर्ड
कभी अपने खुशनुमा मौसम के लिए मशहूर रही दून घाटी भी गर्मी से झुलस रही है। देहरादून में शुक्रवार को गर्मी ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मई में पहली बार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। धर्मनगरी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो साल का दूसरा सबसे अधिक गर्म दिन रहा। देहरादून में अभी तक ऑलटाइम रिकॉर्ड 30 मई 2012 का दर्ज है, तब दून का तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यूपी में प्रचंड गर्मी से 98, आंधी बारिश से आठ की मौत
प्रचंड गर्मी के कारण यूपी के विभिन्न हिस्सों में लोगों की असमय मौत का सिलसिला थमा नहीं है। बीते 24 घंटों में बुंदेलखंड, मध्य यूपी और पूर्वांचल में अलग-अलग स्थानों पर 98 लोगों की जान चली गई। मृतकों में मिर्जापुर में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के लिए लगाई गई पोलिंग पार्टी में शामिल पांच होमगार्ड और सीएमओ कार्यालय के एक लिपिक व एक सफाई कर्मचारी भी शामिल है। वहीं आंधी-बारिश ने कई जिलों में कहर बरपाया जिसके चलते हुए हादसों में आठ लोगों ने दम तोड़ दिया। मौसम विभाग ने पहली जून को गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को मतदान वाले जिलों सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, बलिया और गाजीपुर आदि में दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दरम्यान लू का प्रकोप भी रहेगा। बीते 24 घंटों में लू से बुन्देलखंड में 59, पूर्वांचल में 26 और लखनऊ में चार लोगों की मौत की खबर है। इसके अलावा कुशीनगर में आंधी-बारिश से दो बुजुर्गों की जान चली गई और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। शाहजहांपुर में आंधी बारिश से चार और खीरी में दो लोगों की मौत की खबर है।

लू और जानलेवा, झारखंड में 28 मरे
झारखंड में लू और जानलेवा हो गई है। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान भीषण गर्मी के का्रण 28 लोगों की मौत हो गयी। इसमें पलामू और चतरा में आठ-आठ, कोल्हान के जिलों में तीन, गढ़वा में पांच और हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी। राज्य के पलामू, गढ़वा और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को भी भीषण गर्मी जारी रही। गढ़वा का तापमान 46.5 और मेदिनीनगर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची के मौसम में शुक्रवार को बदलाव देखा गया। यहां दिनभर बादल छाए रहे, इस वजह से अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा और लातेहार में शनिवार को भी लू चलने का यलो अलर्ट पहले ही जारी किया जा चुका है। वहीं राज्य के शेष हिस्सों में बादल छाने के साथ-साथ कहीं-कहीं आंधी चलने और वज्रपात की घटना हो सकती है। इसमें पलामू के अलावा चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा जिले में भीषण गर्मी रही। इन जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। वहीं, बोकारो के चंदनकियारी और जरीडीह में गुरूवार की रात वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। चंदनकियारी में वज्रपात से जहां दो चचेरे भाईयों की मौत हुई वहीं जरीडीह के खुंटरी में एक युवती की मौत हो गई।