Breaking News

महिला से शादी करने के लिए बदला धर्म, नाबालिग सौतेली बेटी से किया दुष्कर्म, हुआ गिरफ्तार

लखनऊ पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिस पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाने, एक महिला से शादी करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का आरोप लगा है। संजय ने लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को प्रेम जाल में फंसाकर और अपना धर्म छुपाकर शादी कर ली।

ये आरोप है कि उसने महिला की बेटी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म भी किया था। जनवरी में आरोपित के खिलाफ महिला ने थाने में केस दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर फरीद अहमद के अनुसार महिला ने बताया संजय उर्फ इमरान खान से लगभग 10 साल पहले मुलाकात हुई थी। उसने प्रेम जाल में फंसाकर उससे शादी कर ली।

शादी के बाद वह कुछ दिन तक उसके साथ रहा। इसके बाद उसे प्रताडि़त करने लगा और आए दिन मारपीट कर उसे धमकाता था। बता दें तलाकशुदा महिला की पिछली शादी से एक नाबालिग लड़की भी थी। आरोपी के साथ शादी के कुछ दिनों बाद, महिला ने ये भी दावा किया कि इमरान ने उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया।

उस महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि जब उसने अपना धर्म बदलने से मना कर दिया, तो इमरान ने कथित तौर पर उसे खूब परेशान किया और उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी दुष्कर्म भी किया। इंस्पेक्टर के अनुसार इमरान ने खुद को हिंदू दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज भी बनवा रखे थे। उसके पास से संजय चौहान नाम का मतदाता पहचानपत्र भी जब्त किया गया है। उसे जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से और भी कई फर्जी पहचान पत्र और वोटर आईडी कार्ड मिले हैं।

पुलिस उपायुक्त, उत्तर क्षेत्र, देवेश पांडे के अनुसार, महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार करने का भी आरोप लगाया। जिसके बाद जांच कि गई फिर, हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।