Breaking News

उत्तराखंड चुनाव 2022: कांग्रेस पार्टी 10 लाख नए सदस्य बनाएगी, आज से शुरू होगा अभियान

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक बूथ में कम से कम 50 सदस्य बनाए जाएंगे। इसके लिए गुरुवार से कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है।

16 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभागार में जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक के माध्यम से विधिवत रूप से पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी। विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी। सभी जिला एवं शहर अध्यक्षों को निर्धारित लक्ष्य दिया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की परिवर्तन यात्रा का दूसरा दौर शुक्रवार को शाम छह बजे हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के साथ शुरू होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में शुरू होने वाली यात्रा में पार्टी के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। इससे पहले परिवर्तन यात्रा का प्रथम चरण कुमाऊं में संपन्न हो चुका है। प्रथम चरण की सफल यात्रा के बाद दूसरे चरण की यात्रा को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

यह जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की परिवर्तन यात्रा 18 सितंबर को हरकी पैड़ी से शुरू होकर एक बजे ज्वालापुर, दो बजे बीएचईएल, तीन बजे बजे बहादराबाद होते हुए शाम चार बजे रुड़की पहुंचेगी। यहां पर बीएसएम डिग्री कॉलेज मैदान में जनसभा के साथ पहले दिन की यात्रा का समापन होगा।

19 को यात्रा के दूसरे दिन रुड़की से प्रारंभ होकर यात्रा दस बजे मेवड, इमलीखेड़ा होते हुए 12 बजे चुड़ियाला रोड भगवानपुर पहुंचेगी। यहां पर जनसभा का आयोजन किया गया है। दो बजे झबरेड़ा में जनसभा और शाम पांच बजे बजे मंगलौर में जनसभा के साथ दूसरे दिन की यात्रा का समापन होगा। 20 सितंबर को सुबह 11 बजे ढंढेरा के गौतम पार्क में जनसभा के साथ यात्रा प्रारंभ होकर साढ़े 12 बजे लंढौरा और डेढ़ बजे बजे लक्सर में जनसभा होगी।

तीन बजे बजे सुल्तानपुर, चार बजे फेरूपुर में जनसभा के बाद शाम छह बजे कनखल में जनसभा के साथ दूसरे चरण की यात्रा का समापन होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से शुरू की गई परिवर्तन यात्रा के पहले चरण में जनता में उत्साह देखने को मिला। इसका पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से फायदा मिलेगा।