Breaking News

UPSC TOPPERS 2020 : ये हैं वो बिहार-झारखंड के 5 होनहार, जिन्होंने टॉप-10 में बनाई जगह

बिहार-झारखंड में सिविल सेवा को लेकर काफी क्रेज है। इस बार UPSC के टॉप 10 में से 5 अभ्यर्थी बिहार-झारखंड से ही हैं। वहीं बिहार के ही कटिहार के शुभम कुमार को पहला स्थान मिला। बता दें परीक्षा में कुल 761 उम्मीदवार पास हुए हैं, जिनमें 545 लड़के और 216 लड़कियां शामिल हैं।

UPSC टॉपर शुभम कुमार

-upsc-यूपीएससी में टॉप करने वाले शुभम कुमार चाहते हैं कि उन्हें बिहार कैडर ही दिया जाए। क्योंकि वो बिहार में रहकर विकास के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें बिहार कैडर नहीं दिया जाता है तो वे मध्य प्रदेश में काम करना पसंद करेंगे। शुभम के पिता देवानंद सिंह ने कहा कि वो शुरू से ही बहुत टैलेंटेड था। पढ़ाई के प्रति लगन देखकर उन्होंने बहुत कोशिश की कि कोई कमी न रहे।

यश जालुका को मिला चौथा स्थान

झारखंड के झरिया निवासी यश जालुका को चौथा स्थान मिला। यश ने सिविल सेवा परीक्षा 2020 में चौथा स्थान हासिल कर देश में धनबाद का नाम रोशन कर दिया है। यश की सफलता की जानकारी जैसे ही झरिया में उनके परिजनों को मिली सभी खुशी से नाचने लगे। यहां के लोग जालुका परिवार को बधाई दे रहे हैं। यश के पिता मनोज जालुका और चाचा महावीर जालुका का झरिया के लक्ष्मीणियां मोड़ में राशन की दुकान है।

प्रवीण कुमार को मिला 7वां स्थान

-7-जमुई के रहनेवाले प्रवीण कुमार को यूपीएससी परीक्षा में सातवां स्थान मिला है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार में बहुत खुशी है। उन्होंने 2017 में आईआईटी कानपुर से बीटेक किया था। उसके बाद इंजीनियरिंग सर्विस की तैयारी की और 2019 में तीसरी रैंक हासिल की। प्रवीण ने बताया कि उन्होंने कोई कोचिंग नहीं की। हालांकि, कई कोचिंग संस्थान के नोट्स लिए थे, मगर पढ़ाई खुद से की।

डॉ अपाला मिश्रा को 9वां स्थान

-9-धनबाद के रहने वाले रिटार्यड कर्नल की बेटी डॉक्टर अपाला मिश्रा ने ऑल इंडिया रैंक में नौवां स्थान हासिल किया है। डॉ. अपाला ने अपनी तीसरी कोशिश में यह स्थान प्राप्त किया। अपाला इस समय उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहती हैं। उनके भाई मेजर अखिलेश मिश्रा भारतीय सेना में पारा कमांडो हैं। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल अमिताभ मिश्रा धनबाद के हाउसिंग कॉलोनी के निवासी हैं। यूपीएससी की परीक्षा में देश में नौवां रैंक प्राप्त करने पर उनके परिजनों और शुभचिंतक उन्हें ढेरों बधाई दे रहे है।

सत्यम गांधी को 10वां स्थान मिला

-10-यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) के सिविल सेवा 2020 के रिजल्ट में समस्तीपुर के सत्यम कुमार गांधी ने ऑल इंडिया में 10वां रैंक प्राप्त किया। रिजल्ट आते ही उनके पैतृक गांव पूसा के दिघड़ा में जश्न का माहौल है। सत्यम को बधाई देने वालों की लाइन लगी हुई है। सत्यम के पिता अखिलेश कुमार डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में वरीय तकनीकी सहायक हैं। सत्यम ने पहली ही कोशिश में यूपीएससी की परीक्षा पास की है।