Breaking News

सेवा केंद्रों पर अब शुरू हुई ये सुविधाएं, पंजाबियों को मिलेगा खूब फायदा

पंजाब सरकार की ई-गवर्नैंस मुहिम को और आगे बढ़ाते हुए अब सेवा केंद्रों से राजस्व विभाग की 6 और ट्रांसपोर्ट विभाग की 29 नई सेवाएं आम जनता को उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस संबंध में बरनाला के डिप्टी कमिश्नर टी. बेनिथ ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सेवाओं से नागरिकों को पारदर्शिता, समय की बचत और सुविधा दोनों मिलेंगी।

डिजिटल फर्द अब सेवा केंद्रों से उपलब्ध

राजस्व विभाग की ओर से जिन 6 सेवाओं की शुरुआत की गई है, उनमें सबसे पहली सेवा डिजिटल फर्द की है। अब यह दस्तावेज सेवा केंद्र से लिया जा सकता है और नागरिकों को यह दस्तावेज उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए भी भेजा जाएगा। इससे लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दूसरी सेवा के तहत विरासती इंतकाल के लिए आवेदन अब सेवा केंद्र पर किया जा सकता है। तीसरी सेवा में रजिस्टर्ड वसीके के आधार पर इंतकाल के लिए भी अर्जी दी जा सकती है। चौथी सेवा में फर्द के रिकार्ड में किसी भी प्रकार की एंट्री या करेक्शन के लिए अर्जी दी जा सकती है।

ऋण और कोर्ट केस से जुड़ी रिपोर्ट की एंट्री की भी सुविधा

पांचवीं सेवा में लोगों को ऋण लेने या कोर्ट केस में उपयोग के लिए जरूरी रपट की एंट्री करने का विकल्प मिलेगा। छठी सेवा “सब्सक्रिप्शन सर्विस” है, जिसमें नागरिक अपनी ज़मीन के खाते को सेवा केंद्र में दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद जैसे ही किसी ने उस ज़मीन के साथ छेड़छाड़ की, चाहे कोई लेनदेन या रिकार्ड बदलाव किया, तो नागरिक को तुरंत ही व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से सूचना मिल जाएगी।

ट्रांसपोर्ट विभाग की 29 सेवाएं भी सेवा केंद्रों में उपलब्ध

जिला प्रबंधक सेवा केंद्र बरनाला मनजीत शर्मा और डी.टी.सी. संजय आहूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रांसपोर्ट विभाग की कुल 29 सेवाएं जैसे ड्राइविंग लाइसैंस नवीनीकरण, डुप्लीकेट लाइसैंस, एड्रेस बदलाव, वाहन पंजीकरण इत्यादि अब सेवा केंद्रों से ही मिल सकेंगी। जनता को सुविधाएं देने के उद्देश्य से एक नई सुविधा यह भी दी गई है कि 1076 नंबर डायल करके कोई भी नागरिक अपनी सुविधानुसार समय तय कर सकता है और सेवा केंद्र का प्रतिनिधि घर आकर संबंधित सेवा देगा। इसके लिए सिर्फ 50 रुपए का अतिरिक्त शुल्क रखा गया है।