Breaking News

NAXAL ATTACK : चार लोगों की हत्या कर फांसी पर लटकाया, घर को बम से उड़ाया

गढ़चिरौली में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के बाद शनिवार देर शाम बिहार के गया में नक्सलियों ने क्ररता की हदें पार कर दीं। गया से 70 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड के मौनवार गांव में नक्सलियों ने दो महिलाओं समेत चार लोगों की हत्या कर दी है। चारों को घर के बाहर बने खटाल में फांसी दे दी। बताया जा रहा है कि मारे गए लोगों में एक ही घर के दो पति और उनकी पत्नियां हैं।

नक्सलियों ने इस परिवार के घर को भी बम से उड़ा दिया है। पुलिस के मुताबिक ये घटना शनिवार रात की है, जब नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चार लोगों की मौत और नक्सलियांे के हमले की सूचना पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। नक्सलियों ने एक घर को बम से उड़ाने के बाद मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया। मामले में एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा है कि नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है, जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।

naxal paper

नक्सलियों के निशाने पर थे ये लोग

पुलिस ने बताया कि मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं। नक्सलियों ने पर्चा लगाकर कहा है कि इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा-ए-मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये उनके चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। पर्चा में कहा गया है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई चलती रहेगी। उन्हें जहर देकर साजिश का शिकार बनाया गया था। घटनास्थल पर लगाया गया पर्चा जन मुक्ति छापाकार सेना, मध्य जोन झारखंड, भाकपा (माओवादी) के नाम से लगाया गया है। चार लोगों की हत्या के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। गया मुख्यालय से सीनियर अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

गढ़चिरौली में हुई है बड़ी कार्रवाई

ज्ञात हो कि शनिवार को छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर गढ़चिरौली इलाके में शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 26 नक्सलियों को ढेर किया है। नक्सलियों से मुठभेड़ में 3 जवान भी घायल हुए हैं। गढ़चिरौली के एसपी अंकित गोयल के मुताबिक सीनियर कैडर का हार्डकोर नक्सली मिलिंद तेलतुम्बडे भी इस मुठभेड़ में ढेर हुआ है। शनिवार की सुबह महाराष्ट्र पुलिस के सी-60 यूनिट के जवान जैसे ही इस इलाके के जंगलों में पहुंचे तो माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने 26 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार समेत सामान भी बरामद हुआ है।

बताया जा रहा है कि गढ़चिरौली एनकाउंटर में जवानों ने खूंखार नक्सली मिलिंद तेलतुम्बडे को भी मार गिराया है। नक्सली मिलिंद तेलतुम्बडे पर 50 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह कई बड़ी घटनाओं में भी शामिल रहा है। मिलिंद नक्सलियों को गोरिल्ला युद्ध प्रशिक्षण देने के लिए शिविर आयोजित करता है। मिलिंद की पत्नी भी नक्सलियों के संगठन में थी, जिसे 2011 में गिरफ्तार कर लिया गया है।