बिहार के सभी 81 हजार सरकारी विद्यालयों में टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक प्राथमिक और मध्य विद्यालय को दो टैबलेट मिलेंगे, जबकि माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को छात्रों की संख्या के अनुसार दो से तीन टैबलेट दिए जाएंगे। इस संबंध में निर्देश बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक मयंक वरवड़े ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, टैबलेट की आपूर्ति का रिकॉर्ड जिला स्तर पर रखा जाएगा। डिलीवरी चालान की एक प्रति राज्य कार्यालय को भेजी जाएगी। जिला स्तर से प्रखंडवार टैबलेट का वितरण विद्यालयों की संख्या के अनुसार प्रखंड शिक्षा कार्यालय या प्रखंड संसाधन केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रक्रिया का रिकॉर्ड प्रखंड स्तर पर संधारित किया जाएगा। स्कूलों को टैबलेट मिलने के बाद, प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को इसके उपयोग के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी।
बिहार सरकार ने सरकारी माध्यमिक विद्यालयों के बाद अब सरकारी मिडिल स्कूलों में भी कंप्यूटर क्लास शुरू करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को वित्त विभाग से स्वीकृति मिल गई है। पहले चरण में 31,297 सरकारी मध्य विद्यालयों में कंप्यूटर क्लासेस की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत स्कूलों में स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब की व्यवस्था की जाएगी, जिससे छात्र-छात्राएं तकनीकी ज्ञान से लैस हो सकें।