Wednesday , September 18 2024
Breaking News

44 साल से भाजपा में रहे कृष्ण आप में शामिल, लड़ सकते हैं चुनाव

कुरुक्षेत्र में पिछले करीब 44 साल से भाजपा से जुड़े रहे वरिष्ठ नेता कृष्ण बजाज ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। वे दिल्ली में जाकर प्रदेशाध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता की मौजूदगी में आप में शामिल हुए। डॉ सुशील गुप्ता ने उन्हें पूरा मान सम्मान दिए जाने का भरोसा दिया है। संभावना जताई जा रही है कि वे आप के थानेसर से प्रत्याशी हो सकते हैं।

हालांकि इस संबध में कृष्ण बजाज से संपर्क नहीं हो पाया लेकिन उनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने को लेकर वीडियो देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आप प्रदेशाध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता बता रहे हैं कि कृष्ण बजाज दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा छोड़ आप में शामिल हुए हैं। वहीं उनके खास समर्थक राजेश अरोड़ा ने भी यह पुष्टि की।

आज थानेसर विधानसभा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके और 44 सालों से भाजपा में रहे अनुभवी व कर्मठ नेता कृष्ण बजाज जी अपने बेटे के साथ अरविंद केजरीवाल जी की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं।

AAP के परिवार में आपका स्वागत है।

बता दें कि कृष्ण बजाज भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं। वे यहां थानेसर से भाजपा की ओर से चुनाव भी लड़ चुके हैं। इस बार भी उन्हें टिकट की उम्मीद थी लेकिन भाजपा ने वर्तमान विधायक एवं राज्यमंत्री सुभाष सुधा पर ही तीसरी बार भी भरोसा जताया है। कृष्ण बजाज ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का भी ऐलान कर दिया था।

वे टिकट की दावेदारी करते हुए लंबे समय से लोगों के बीच थे। अब टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय तौर पर भी अपना जनसंपर्क अभियान जारी रखा था और अब वे आप में शामिल हो गए हैं। उनके इस कदम से भाजपा को बड़ा झटका माना जा रहा है।