Breaking News

BJP के पास नहीं है कोई विकास का माॅडल, अखिलेश ने किया दावा ऐसे होगा सूपड़ा साफ

उत्तर प्रदेश में पहले चरण के लिए विधानसभा चुनाव का प्रचार 8 फरवरी शाम का खत्म हो जाएगा। इस बीच अखिलेश यादव और जयंत चौधरी लगातार प्रचार में जुटे हैं। अब एक बार फिर दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की है जिसमें अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के पास कोई मॉडल नहीं है। बीजेपी सिर्फ समाजवादी पार्टी के मॉडल पर ही वाहवाही लूट रही है।

हम दोनों मिलकर करेंगे सूपड़ा साफ

अखिलेश ने कहा कि इस बार बुल और बुल्डोजर का उत्तर प्रदेश में नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी को भारतीय जनता पार्टी ने पहले ही पैदल कर दिया है। उन्होंने एक्सप्रेस वे लोकार्पण के दौरान की याद दिला दी। इस बार बाबा मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। हम दो नौजवान वो हैं, जिन्हें विरासत में किसानों की लड़ाई मिली है। उन्हें दुख इस बात का है कि हम दोनों मिलकर उनका सूपड़ा साफ कर रहे हैं। यह 10 मार्च को दिख जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि बुलंदशहर की घटना पूरे उत्तर प्रदेश को चिंतित कर रही है। भाजपा बार-बार कह रही कानून व्यवस्था सब से आगे हैं। उन्होंने कहा कि हाथरस की दरिंदगी और लखीमपुर की क्रूरता किसी से छिपी नहीं है। बुलन्दशहर के अपराधी अभी भी घूम रहे हैं.

सीएम कंप्रेसर हैं क्या जो गर्मी उतार देंगे : अखिलेश

सीएम योगी के गर्मी उतारने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा बदली है पता नहीं क्यों बदल रही है। पहले चरण में जो लोगों ने हवा चलाई है मुख्यमंत्री को समझ नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री कंप्रेसर हैं क्या जो ठंडा कर देंगे। ये लोग कह रहे हैं गर्मी उतार देंगे, हम गर्मी नहीं भर्ती खोलेंगे।

जितना धमकी देंगे उतना एकजुट होंगे : जयंत

आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जो भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं आज तक ऐसी भाषा देखी नहीं। गरिमापूर्ण पद पर बैठे आदमी की यह भाषा नहीं हो सकती है। हमारा खून गर्म है देश के रक्षा के लिए वो जितना धमकी देंगे उतना हम एक होंगे। किसानों और नौजवानों को फैसला लेना है। ये वो सरकार है जिसने कीलें बिछाई थीं। बजट में कुछ भी नहीं है, वित्त मंत्री का भाषण पीएमओ से लिखा जाता है।