Breaking News

BJP का काउंटर अटैक, मुलायम के समधी सपा के निलम्बित विधायक भाजपा में शामिल

विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत में शह और मात का खेल जारी है। बीजेपी ने काउंटर अटैक करते हुए अब मुलायम के समधी और फिरोजाबाद की सिरसागंज सीट से विधायक हरिओम यादव को भाजपाई बना लिया है। हरिओम यादव के साथ ही बीजेपी ने सहारनपुर जनपद के बेहट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और सपा के पूर्व विधायक धर्मपाल यादव को भी अपनी तरफ शामिल किया है। वर्तमान में हरिओम यादव सिरसागंज सीट से विधायक हैं। वह फिलहाल समाजवादी पार्टी से निलंबित चल रहे हैं। हरिओम यादव रिश्ते में मुलायम सिंह यादव के समधी भी हैं। वह शिवपाल यादव के बेहद करीबी रहे हैं लेकिन शिवपाल यादव के सपा में वापस जाने के बावजूद हरिओम यादव सपा के बजाय बीजेपी में शामिल हुए हैं।

मुलायम से है समधी का रिश्ता

हरिओम यादव के सगे भाई रामप्रकाश नेहरू की बेटी मृदुला यादव का विवाह मुलायम सिंह यादव के भतीजे (मुलायम सिंह यादव के बड़े भाई रतन सिंह यादव के पुत्र रणवीर सिंह यादव) से हुआ था। रणवीर सिंह यादव की मृत्यु के उपरांत सैफई महोत्सव रणवीर सिंह की स्मृति में बनाया जाता है। रणवीर सिंह और मृदुला यादव के पुत्र तेजवीर यादव उर्फ तेजू है जो मैनपुरी के पूर्व सांसद रहे हैं। बताया जाता है कि मुलायम और अखिलेश के करीबी है।

जिला पंचायत चुनाव में की थी बीजेपी की मदद

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी हरिओम यादव ने भारतीय जनता पार्टी की मदद की थी। यही वजह है कि फिरोजाबाद जैसे सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी। हरिओम यादव फिरोजाबाद में सपा के मजबूत स्तंभ थे लेकिन प्रोफेसर रामगोपाल यादव से कभी नहीं बनी और यही वजह है कि उन्होंने अब भाजपा का दामन थाम लिया है।