उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के नवचयनित 60,244 सिपाहियों को आज केंद्रीय गृह मंत्री और सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, लखनऊ पहुंचे गए हैं। जहां मंच पर जोरदार नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया।
नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की ओर अग्रसर है UP पुलिस: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “आज मेरे सामने बैठे युवाओं के जीवन का सबसे शुभ दिन है क्योंकि आज उत्तर प्रदेश के हर जाति, समुदाय और जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले 60 हजार से अधिक युवा भारत के सबसे बड़े पुलिस बल का सक्रिय हिस्सा बनने जा रहे हैं। राज्य की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही थी। लेकिन 2017 में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद और योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद, उत्तर प्रदेश पुलिस फिर से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की ओर अग्रसर होने लगी।”
सीएम ने कहा- आज यूपी पुलिस बल में 60244 युवाओं की भर्ती संपन्न हुई है
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रधानमंत्री मोदी के देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष के कार्यकाल ने नए भारत के रूप में प्रत्येक भारतीय के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। पिछले 8 वर्षों में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि परीक्षा की सूचिता और पारदर्शिता क्या हो सकती है।”
सीएम योगी ने कहा कि हमने परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता के साथ भर्ती करके एक नया आयाम स्थापित किया है। आज शासन में हिस्सेदारी का लाभ गरीब, वंचित सभी को प्राप्त हो। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है। आबादी की दृष्टि से यूपी सबसे बड़ा राज्य है, तो चुनौतियां भी अधिक थीं। लेकिन, आठ वर्षों में बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे काम किया।
अमित शाह और सीएम योगी नवचयनित सिपाहियों को सौंपा नियुक्ति पत्र
यहां डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में संत कबीर नगर के सत्यम नायक को सबसे पहले नियुक्ति पत्र दिया। इसके बाद खीरी के प्रेम सागर, फर्रुखाबाद की शालिनी शाक्य, बलिया के उपेन्द्र यादव, बरेली की शिल्पा सिंह, कानपुर देहात के बीनू बाबू, महोबा के योगेन्द्र सिंह, उन्नाव के शिवांश पटेल, वाराणसी के मनीष त्रिपाठी और लखनऊ की रोशनजहां को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस भर्ती अभियान के तहत 60 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाना है। सिविल पुलिस सीधी भर्ती-2023 के तहत 48,196 पुरुष और 12,048 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा संचालित की गई थी।
मंच भगवान राम की प्रतिमा भेंटकर सीएम ने किया शाह का अभिनंदन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम स्थल पहुंच गए हैं। जहां मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर उनका का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत कई मंत्री और पुलिस महानिदेश राजीव कृष्णा भी मौजूद हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की गृहमंत्री की तरीफ
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज गृहमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी है। हम जुलाई माह तक नक्सलवाद को देश से समाप्त कर देंगे।