Breaking News

सीबीएसई टाॅप करने वाली मेधावी अनुसुइया पर बरसा प्रियंका गांधी का प्यार, घर भेज दी ये सौगात

राजनीतक लोगों और नेताओं से घिरी रहने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा का मेधावी विद्यार्थियों के प्रति प्यार भी देखने में मिला है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने महोबा की अनुसुइया को लैपटॉप भेजा है। इसे लेकर उसके घर पहुंचे कांग्रेसियों ने शुभकामना संदेश भी दिया है। उन्होंने कहा कि बेटी को अब पढ़ने में मदद मिलेगी। हालांकि कुछ लोग इसे राजनीतक स्टंट करार दे रहे हैं। कांग्रेस के समर्थकों ने इसे भावी पीढ़ी के प्रोत्साहन की दिशा में कदम बताया है।

 

कांग्रेसी लेकर आए शुभकामना संदेश
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों ने मतदाताओं को लुभाने में सक्रियता बढ़ा दी। प्रदेश में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार ने मेधावियों को लैपटॉप का वितरण करके प्रोत्साहित किया था तो अब कांग्रेस भी सपा के नक्शे कदम पर है। सीबीएसई की 12 वीं की परीक्षा में 100 फीसदी अंक हासिल करने वाली आनंदपुरा निवासी मेधावी छात्रा अनुसुइया कुशवाहा को लैपटाॅप दिया गया है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने लैपटाप भेंट किया है। कांग्रेस पदाधिकारी बुधवार को लैपटॉप लेकर छात्रा के घर पहुंचे और कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव का खूब पढ़ने का शुभकामना संदेश भी दिया। लैपटॉप पाकर अनुसुइया बेहद प्रसन्न नजर आयीं। अभिभावकों ने भी कांग्रेसियों और प्रियंका वाड्रा को धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

बेटी ने किया सीबीएसई में टॉप
महोबा के जैतपुर विकासखंड के छोटे से गांव आनंदपुरा निवासी कटुआ कुशवाहा की आठ संतानों में सबसे छोटी बेटी अनुसुइया है। अनुसूइया ने प्राथमिक विद्यालय से पांचवीं तक पढ़ाई की। उसके बाद बुलंदशहर के विद्या ज्ञान स्कूल पढ़ने चली गई थी। उसने हाईस्कूल में 98.2 फीसद अंक अर्जित किए थे। उनके पिता के पास महज दो बीघा खेती है। प्रियंका वाड्रा ने आगे की पढ़ाई में तकनीकी मदद के लिए लैपटाप भेजकर खूब पढ़ने का संदेश दिया। दिल्ली से आल इंडिया कांग्रेस कमेटी सचिव एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रदीप नरवाल, झांसी से राहुल राय महासचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिलाध्यक्ष तुलसीदास लोधी व अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।