Breaking News

हॉट स्प्रिंग्स और गोगरा पर चीन से बातचीत आज, भारत की सख्ती पर चीन ने दिया है प्रस्ताव

भारत और चीन ( INDIA -CHINA) के बीच पिछले साल अप्रैल महीने से पूर्वी लद्दाख  की वास्तविक नियंत्रण रेखा ( LAC) पर तनावपूर्ण गतिरोध कायम हैं। भारत और चीन तनाव को कम करने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं लेकिन चीन की जिद और साजिश के आगे बातचीत नाकाम हो जा रही है। पैंगोंग झील के किनारों समेत कई जगहों से डिस-एंगेजमेंट हुआ है लेकिन अब भी कुछ ऐसे प्वाइंट्स बाकी रह गए हैं। इस जगहों से दोनों देषों की सेनाएं आमने-सामने की स्थिति में हैं। इसको देखते हुए शनिवार को भारत-चीन के बीच 12वें दौर की कोर कमांडर स्तर की वार्ता होगी। कोर कमांडर स्तर की यह वार्ता शनिवार को दिन में साढ़े दस बजे वास्तविक नियंत्रण रेखा के चीनी हिस्से मोल्डो में होगी। माना जा रहा है कि दोनों देश के सैन्य अधिकारी हॉट स्प्रिंग्स और गोगरा हाइट्स क्षेत्रों से डिस-एंगेजमेंट को लेकर चर्चा करेंगे।

गत दिनों एलएसी विवाद को खत्म करने के लिए चीन ने 26 जुलाई को बातचीत करने का सुझाव दिया था। भारत ने कारगिल विजय दिवस के चलते खारिज कर दिया था। चीन के प्रस्ताव पर भारत ने चीन से नई तारीख तय करने के लिए कहा था। अब 12वें दौर की वार्ता होगी। चीन और भारत के बीच अब तक कुल 11 दौर की बातचीत हो चुकी है। इन बातचीत की वजह से ही कई जगह पर दोनों सेनाएं पीछे हटी हैं। चीन अब भी डेपसांग प्लेंस, गोगरा और हॉट स्प्रिंग्स में तनाव बरकरार है। भारतीय पक्ष स्पष्ट कर चुका है कि वह कंप्लीट डिसइंगेजमेंट के लिए तभी सहमत होगा जब एक साथ और एक समान वापसी पर सहमति बनेगी। इस मुद्दे पर बीते महीने विदेश मंत्रालय ने भी कहा था कि दोनों पक्ष एलएसी के साथ सभी विवादित क्षेत्रों से पूरी तरह से पीछे हटने के लिए अगले दौर की बातचीत आयोजित करने के लिए सहमत हो गए हैं।

ज्ञात हो कि पिछले साल अप्रैल महीने में पूर्वी लद्दाख की एलएसी पर दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गई थीं। कई बार चीन की चालबाजियों की वजह से हालात अत्यधिक तनावपूर्ण हो गये। पिछले साल मध्य जून में गलवान घाटी में दोनों देशों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इसमें भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे और चीन के भी कई सैनिक मारे गए थे। चीन ने टकराव में मारे गए सैनिकों की वास्तविक संख्या नहीं बतायी थी।